पर्यावरण को हरा-भरा रखने का लिया संकल्प

गाज़ीपुर।वेलफेयर क्लब के तत्वाधान में वेलफेयर मिशन ग्रीन वसुंधरा अंतर्गत स्व० शेषनाथ पाण्डेय की पुण्य स्मृति में वृहद पौधरोपण मंगलवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग में आयोजित किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोहन पी बोत्रे पुलिस अधीक्षक ग़ाज़ीपुर व विशिष्ठ अतिथि अशोक नाथ तिवारी जिला विद्यालय निरीक्षक ग़ाज़ीपुर ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलित तथा माल्यार्पण कर किया । तत्पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ठ अतिथि, क्लब के पदाधिकारी  तथा उपस्थित गणमान्य लोगो ने विद्यालय के प्रांगड़ में पौधरोपण किया तथा पर्यावरण को हरा-भरा रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोहन पी बोत्रे ने अपने उद्बोधन में बताया कि समस्त प्राणी अपने जीवन हेतु वनस्पति जगत पर आश्रित है। मनुष्य हवा में उपस्थित ऑक्सीजन को श्वास द्वारा ग्रहण करके जीवित रहता है। पेड़-पौधे ही प्रकाश-संश्लेषण की क्रिया में ऑक्सीजन छोड़ते हैं। इस तरह मनुष्य के जीवन का आधार पेड़-पौधे ही उसे प्रदान करते हैं। इसके अतिरिक्त प्राणियों का आहार वनस्पति है। वनस्पति ही प्राणियों को पोषण प्रदान करती है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण बहुत जरुरी है। उन्होंने क्लब के प्रयासों को अतुलनीय बताते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया।
विशिष्ठ अतिथि अशोक नाथ तिवारी जिला विद्यालय निरीक्षक ग़ाज़ीपुर ने बताया कि प्राचीन काल से ही मानव और प्रकृति का घनिष्ठ सम्बन्ध रहा है।इतनी भीषण गर्मी में बारिश का महीना होते हुए भी बारिश का न होना पौधों की कमी की वजह से है।हर व्यक्ति को प्रकृति का सहयोग करने के लिए कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। वनों की हरियाली के बिना मानव जीवन की कल्पना करना असम्भव है।
कार्यक्रम अध्यक्षता करते हुए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या शालिनी श्रीवास्तव ने उपस्थित जनों से आह्वाहन किया कि हर घर तिरंगा के साथ हर व्यक्ति एक पौधा का संकल्प जरूर लें तभी हम सभी एक स्वच्छ और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकेंगे।अतिथियों का स्वागत जनपद गवर्नर पवन पांडेय एवम अतरिक्त सचिव सूर्य रेख मणि ने किया।इस अवसर पर सचिव अभिषेक सिंह,धर्मेंद्र कुमार तथा कालेज की शिक्षिकायें एवम अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत मे सभी आगंतुकों के प्रति क्लब अध्यक्ष डॉ शरद वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.