गाजीपुर की अति प्राचीन रामलीला मंचन का आयोजन 6 अक्टूबर से राम चबूतरा “हरिशंकरी” से होगी प्रारंभ…
गाजीपुर।अति प्राचीन रामलीला कमेटी” हरिशंकरी, गाजीपुर पिछले सैकड़ों वर्षों से श्रीरामचरित मानस ग्रंथ के आधार पर परम्परागत रामलीला का सफल मंचन करती चली आ रही है।
इस वर्ष की रामलीला का मंचन “वन्दे वाणी विनायकों आदर्श श्रीरामलीला मंडल” के द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इस वर्ष 2026 की रामलीला 19 दिनों की होनी है। इस प्राचीन रामलीला का मंचन 06 अक्टूबर 2026 तिथि एकादशी दिन मंगलवार को पारंपरिक रूप से धनुष-मुकुट पूजन से प्रारंभ होकर तय कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न स्थलों पर मंचित होते हुए 16 अक्टूबर 2026 को रामलीला मैदान लंका में पहुंच जाएगी। 16 अक्टूबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक की रामलीला का मंचन रामलीला मैदान लंका में किया जाना है।
आगामी 20 अक्टूबर 2026 दिन “मंगलवार” को विजयादशमी पर्व का आयोजन एवं 24 अक्टूबर 2026 दिन शनिवार को श्रीराम राज्याभिषेक, हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरे पर संपन्न होगा। श्रीराम राज्याभिषेक के आयोजन के साथ ही वर्ष 2026 की रामलीला का समापन हो जाएगा।
विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर 2026 को रामलीला मैदान, लंका में सायं 07:30 बजे से श्री राम-रावण युद्ध का मंचन व रात्रि 8:00 बजे रावण दहन का कार्यक्रम होना तय है। रावण के पुतले का दहन मुख्य अतिथि, कमेटी के संरक्षक जिलाधिकारी गाजीपुर एवं कमेटी के सह-संरक्षक पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के द्वारा बटन दबाकर किया जाएगा। रामलीला की तैयारी पिछले एक माह से जोरो शोरों से प्रारंभ कर दी गयी है जिसमे रावण बनाने का कार्य एवं विभिन्न स्थलों की साफ-सफाई का कार्य प्रगति पर है।
सैकड़ों वर्षों के परंपराओं के अनुसार इस वर्ष भी लगभग 60 फीट ऊचों आकर्षक रावण का पुतला बनाया जाना है। इस वर्ष की रामलीला के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आप यूट्यूब पर लिंक के माध्यम से देख सकते हैं। विजयादशमी के दिन मैदान में एल०ई०डी० स्क्रीन की व्यवस्था कमेटी के द्वारा की गयी है ताकि मैदान में भीड़ होने के कारण आम जन व माताओं व बहनों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
24 अक्टूबर 2026 दिन शनिवार को श्री रामराज्याभिषेक के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन वाराणसी के कलाकारों द्वारा किया जाना है। वार्ता में कमेटी के विनय कुमार सिंह, गोपाल जी पाण्डेय, ओम प्रकाश तिवारी, लक्ष्मी नरायण, लव कुमार त्रिवेदी, मनोज कुमार तिवारी, मयंक तिवारी, रोहित अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, राजेश प्रसाद, अजय पाठक, अजय अग्रवाल, राजेन्द्र विक्रम सिंह, सुधीर अग्रवाल, प्रमोद गुप्ता इत्यादि लोग उपस्थित रहें।
गाजीपुर।उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ जनपद शाखा द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महासंघ के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान नियमित रूप से रक्तदान करने वाले लोगों को जिलाधिकारी द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होने कहा कि हमारे द्वारा किया जाने वाला प्रत्येक कार्य जनहित एवं जनकल्याण की भावना से प्रेरित होना चाहिए। कोई भी कार्य केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि जनता की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने गाजीपुर जनपद में बाढ़ की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए ऐसी कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए, जिससे बाढ़ के प्रभाव को कम किया जा सके और आमजन को होने वाली परेशानियों से प्रभावी ढंग से निजात दिलाई जा सके। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन, आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा बाढ़ से बचाव के लिए स्थायी एवं प्रभावी उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने इंजीनियरिंग विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि जनपद के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सड़क, पुल, नाली, जल निकासी, सिंचाई एवं अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और स्थायित्व पर विशेष ध्यान देते हुए ऐसी कार्ययोजनाएं बनाई जाएं, जो भविष्य की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखकर तैयार हों। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता एवं प्रशासनिक सोच के समन्वय से गाजीपुर जनपद में आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं। कार्यक्रम में महासंघ के पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी के साथ होंगे विभिन्न कार्यक्रम
गाजीपुर। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग उ0 प्र0 सरकार/जनपद प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों की अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत, जिलाध्यक्ष भाजपा ओमप्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से मंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत की गई। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों तथा विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यक्रमों के साथ विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने मन्त्री जी को अवगत कराया कि सभी संबंधित अधिकारियों के माध्यम से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम की पूर्व तैयारी, विभागवार कार्ययोजना, जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किए जा रहे है।
प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की अद्यतन सूची तैयार की जाए। साथ ही जनपद में विगत 9 वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं योजनाओं से आए सकारात्मक बदलावों का विवरण, फोटो, वीडियो एवं सफलता की कहानियों का डेटा तैयार किया जाए, ताकि अभियान के दौरान इन्हें प्रभावी ढंग से जनसामान्य तक पहुंचाया जा सके। अभियान की कार्ययोजना में विकास कार्यों एवं लाभार्थियों के ‘पहले और बाद’ के बदलाव को भी प्रदर्शित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर-सेवाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियानकृसरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज’ तथा ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत सायं 7 बजे दीप प्रज्वलन होगा। साथ ही ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगों को उपकरण, उद्यम विभाग द्वारा लाभार्थियों को टूल किट वितरित किए जाएंगे। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
‘सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत विकासखंड, विधानसभा स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन एवं यथासंभव मौके पर ही स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित किए जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान केवल आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा बल्कि अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर नगरीय क्षेत्र तक प्रत्येक स्तर पर प्रभावी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे तथा प्रतिदिन की प्रगति को निर्धारित माध्यम पर दर्ज किया जाएगा।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं नगरीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस एवं माई भारत वॉलंटियर्स की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की गतिविधियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार दिए जाने पर भी जोर दिया जाएगा।
प्रभारी मन्त्री ने कहा कि जनपद के समस्त संभ्रांत नागरिकों, स्वयं सेवी, सहित अन्य के साथ समन्वय करते हुए आशीर्वाद का दिया के अंतर्गत अपने घरों में उस दिन दिया जलाने के लिए प्रेरित किया जाए। प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम के पूर्व समस्त सरकारी भवनों एवं स्मारकों, गो आश्रय स्थलों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर साफ़ सफाई की जाए। इसके साथ ही अनाथालय, वृद्धा आश्रम आदि जगहों पर भी अपनी सेवा अवश्य प्रदान करें। इसके साथ ही प्रमुख परियोजनाओं, स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएं, मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतियोगिताओं में बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाए, अखंड ज्योति निकाली जाए, सेवा मेरा योगदान अंतर्गत 25 तरह की गतिविधियां निर्धारित है इसमें सभी की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जागरूक किया जाए। एनसीसी द्वारा मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्टार्टअप को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में समस्त संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जनभागीदारी से साकार होगा विकसित भारत 2047 का संकल्प,गाजीपुर में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि शासन के निर्देशानुसार व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन होना है। जिसमें प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम अंतर्गत प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूल वितरण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी विभागों के प्रमुख विकास कार्यों/अवस्थापना परियोजनाओं, शिक्षण संस्थानो, पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन सहित अन्य स्थानों पर आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा।
विद्यालयों में ड्राइंग, भाषण आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आंगन मिलन सेवा अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, लाभार्थी माता का सम्मान किया जाएगा एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की वृहद अवस्थापना एवं जनोउपयोगी परियोजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को भी प्रदर्शित किया जाएगा। सेवा ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प कार्यक्रम अंतर्गत गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इस दौरान विकास खंडों में सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा, स्वास्थ्य मेला आयोजित किए जाएंगे, मानव समूह और रंगोली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही अन्य कार्यक्रम जन भागीदारी से आयोजित किया जाएंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों को कार्यक्रम के सकुशल संपादन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए तथा कार्यक्रमों के फोटोग्राफ तथा वीडियो ससमय पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी गण कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में कुटुम्ब न्यायालय गाजीपुर ने रचा कीर्तिमान, 71 पारिवारिक वादों का हुआ निस्तारण
गाजीपुर।शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय गाजीपुर के पीठासीन अधिकारी शैलोज चंद्रा द्वारा कुल 71 मुकदमों का सफल निस्तारण किया गया।
लोक अदालत में निस्तारित मामलों में सबसे बड़ी संख्या भरण-पोषण से जुड़े वादों की रही। कुल 35 वाद निष्पादन के थे, जिनमें पीड़ित महिलाओं को उनके बकाया भरण-पोषण की सम्पूर्ण धनराशि का भुगतान मौके पर ही पूर्ण रूपेण कराया गया। न्यायालय के इस कदम से कई महिलाओं को बड़ी राहत मिली।
इस लोक अदालत की सबसे सुखद तस्वीर तब देखने को मिली जब बिछड़े हुए दम्पति अपने समस्त विवादों को समाप्त कर पुनः साथ-साथ रहने को तैयार हो गए। इन सभी 11जोड़ों ने आज न्यायालय में स्वयं उपस्थित होकर एक-दूसरे को माला पहनाकर खुशी का इजहार किया और आपस में मिष्ठान वितरण किया। न्यायालय परिसर में काफी देर तक खुशी का माहौल बना रहा।
प्रधान न्यायाधीश शैलोज चंद्रा ने बताया कि पिछले दो माह में मीडिएशन सेंटर में सुलह समझौते के लिए लगभग 200 से अधिक मामले प्रेषित किये गये थे, जिनमें से मात्र 05 मामले ही मीडिएशन के माध्यम से सफल होकर समझौते पर पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यदि मीडिएशन में सफल मामलों की संख्या अधिक होती तो लोक अदालत में निस्तारण का यह आंकड़ा और भी अधिक बढ़ सकता था।
उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि पारिवारिक विवादों को आपसी सुलह-समझौते से निपटाने का प्रयास करें, लोक अदालत इसका सबसे सशक्त माध्यम है।
राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण कर नवजात बच्चों को वितरित किए कपड़े, खिलौने एवं आवश्यक सामग्री प्रदान किए
ग़ाज़ीपुर।किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट अर्पिता सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह द्वारा शुक्रवार को राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा इकाई में आवासित अज्ञात नवजात बच्चों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता एवं देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इस अवसर पर किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट अर्पिता सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह द्वारा नवजात बच्चों को आशीर्वाद स्वरूप कपड़े, खिलौने एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। उन्होंने बच्चों के प्रति स्नेह एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दत्तक ग्रहण इकाई में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इकाई में आवासित बच्चों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, बच्चों की सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बच्चों के लिए निर्धारित सभी मानकों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य माया सिंह, पेशकार नीरज, पेशकार सुरेंद्र, चाइल्ड हेल्पलाइन के को ऑर्डिनेटर संतोष कुमार सिंह तथा राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई की अधीक्षिका प्रीति श्रीवास्तव, रागिनी सिंह, जूही राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर।शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव एवं जमानियां विधायक ओम प्रकाश सिंह, जंगीपुर विधायक डा. वीरेंद्र यादव,सदर विधायक जै किशन साहू, सैदपुर के विधायक अंकित भारती की संयुक्त पत्रकार वार्ता सिद्धार्थ मोटेल में आयोजित हुई।
इस पत्रकार वार्ता में सभी विधायकों ने अपने अपने क्षेत्र की अनियमित विधुत आपुर्ति,जले ट्रांसफार्मरों,जर्जर तारों बिजली एवं खराब और गड्ढा युक्त सड़कों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जनता के सवालों पर संवेदनहीन बनी हुई है। जनता के सरोकारों से इसका कुछ भी लेना-देना नहीं है।
पूर्व केबिनेट मंत्री और जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि पिछले दस सालों से योगी सरकार सड़कों को गड्ढा मुक्त करा रही है पर आज तक यह सरकार गड्ढा नहीं पाट पायी। गड्ढा मुक्त कराने के नाम पर यह सरकार लूट कर रही है।
प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ आ गयी है। चीनी दाल,प्याज और खाने के तेल के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि 60दिनों के अंदर मंहगाई कम करने का वादा कर सरकार में आयी मोदी सरकार गरीबों की भोजन की थाली छिन रही है।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि थाने और तहसील धन उगाही के अड्डे बन गये है। यहां किसी को न्याय नहीं मिल पा रहा है। गरीब जनता और फरियादी दर-दर न्याय की तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने हर घर जल मिशन योजना और नमामि गंगे योजना में घपले का आरोप लगाते हुए कहा यह सरकार अपनी योजनाओं को ठीक से क्रियान्वित नहीं कर पा रही है। इस सरकार के पास जुवां चलाने के अलावा और कोई काम नहीं है।
सदर विधायक जै किशन साहू ने नगर की खस्ताहाल हुई सड़कों का जिक्र करते हुए कहा ट्रिपल इंजन की सरकार की हालत खच्चर गाड़ी से भी बदतर है। लगातार दस वर्षों से नगर की सड़कें ऊबड़-खाबड़ और कीचड़ से सनी है लेकिन नगरपालिका के लिए यह सड़कें,और चौराहे एटीएम का काम कर रहे हैं। पूरी नगरपालिका भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। बन रहे सीवर के काम में प्रयोग किए जा रहे घटियां सामग्री और हो रहे घपले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह सीवर आने वाले दिनों में नगर की बहुत बड़ी समस्या बन कर उभरेगी।
डा.वीरेंद्र यादव और अंकित भारती ने भी अपनी अपनी क्षेत्रो की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए योगी सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि 48घंटे के अंदर ट्रांसफर बदलने का सरकार का दावा पूरी तरह से जूठा साबित हुआ है।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जनपद की इन समस्याओं को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरूण कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार बिन्द, अमित ठाकुर,अभिनव सिंह, सदानंद यादव,पंकज यादव,जावेद खान आदि मौजूद थे।
बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे एमएलसी विशाल सिंह ‘चंचल’, 250 परिवारों को बांटी राहत किट; प्रशासन का राहत-बचाव अभियान जारी
गाजीपुर। जनपद में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ लगातार संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ‘चंचल’ ने विकासखंड करंडा के दीनापुर बाढ़ शरणालय पहुंचकर करीब 250 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री एवं राहत किट वितरित की।
इस दौरान लखनचंदपुर कला, गद्दोगाड़ा, सोल्हनपुर और तुलसीपुर के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। राहत किट मिलने से प्रभावित परिवारों के चेहरों पर राहत नजर आई और उन्होंने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
उधर, जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विकासखंड जमानिया के ग्राम पंचायत गायघाट में ब्लीचिंग पाउडर एवं चूना का छिड़काव कराया गया। गायघाट और हसनपुर नसीरपुर में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री एवं राहत किट वितरित की गई।
अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान ने तहसील मोहम्मदाबाद के गौसपुर घाट का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया। वहीं, उपजिलाधिकारी जमानिया ने कल्याणचक एवं लखीमपुर क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सैदपुर में राहत सामग्री का वितरण कराया गया, जबकि रेवतीपुर में बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए भूसे की व्यवस्था की गई।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य, पशु चारा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ की चुनौती के बीच प्रभावित परिवारों तक समय से हर संभव सहायता पहुंचाना है।
विश्व हिंदू परिषद का 62वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से सम्पन्न,सनातनी समाज की एकता का किया आह्वान
गाजीपुर। विश्व हिंदू परिषद के 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जायसवाल धर्मशाला, महादेव मंदिर, लाल दरवाजा में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
समारोह के मुख्य वक्ता दिनेश, सह सेवा प्रमुख काशी प्रांत ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने संगठन की स्थापना के उद्देश्य, सेवा, संस्कार और हिंदू समाज को संगठित करने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में संत योगी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त हुआ। वहीं अभिषेक, सह खंड कार्यवाह ने भी अपने प्रेरणादायी विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीनदयाल, पूर्व नगर संघ चालक ने की। मंचासीन अतिथियों ने सनातनी हिंदू समाज में एकता, परस्पर सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
जिला मंत्री विनीत सिंह ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस सप्ताह के रूप में जिले के सभी 10 प्रखंडों में मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आचार्य पद्धति से संचालन दिलीप, जिला सह मंत्री ने किया, जबकि मंच संचालन विनीत सिंह, जिला मंत्री द्वारा किया गया। समारोह में बजरंग दल जिला संयोजक रवि राज,आंनद, अनुराग, प्रदीप, सरिता जी,करूणा, नवीन,ओमप्रकाश, उमेश,उत्तम, राजन,विनोद, गोलू जायसवाल, रामाशीष, राजेश,संजय,शिवम,आदित्य समेत संगठन के अनेक पदाधिकारी, दायित्ववान कार्यकर्ता एवं सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।
गाजीपुर।जनपद में बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। बाढ़ प्रभावित ग्रामों में प्रशासनिक अधिकारियों एवं राहत टीमों द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।बाढ़ से बचाव के लिए नदियों के किनारे बैरिकेडिंग की जा रही है, चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं, लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए अनाउंसमेंट भी कराई जा रही है।
इसी क्रम में तहसील जमानियां के तियरी गांव में बाढ़ राहत सामग्री वितरित की गई, ग्राम कालनपुर सहित अन्य स्थानों पर नाविकों को लंच पैकेट वितरित किए गए, ग्राम चक ख़ान मुहम्मद में भी प्रभावित लोगों को लंच पैकेट उपलब्ध कराए गए। इसी प्रकार सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित लोगों को राहत सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। तहसील मुहम्मदाबाद के ग्राम फिरोजपुर एवं धरमपुरा में पशुओं के लिए भूसा वितरण किया गया। इसी क्रम में दीनापुर करंडा स्थित बाढ़ शरणालय में 356 बाढ़ राहत किट का वितरण किया गया। राहत किट का लाभ ग्राम महबलपुर एवं मकसूदनपुर के प्रभावित लाभार्थियों को प्रदान किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित परिवारों को भोजन, राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित नागरिकों को समयबद्ध एवं आवश्यक राहत उपलब्ध कराना तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि बाढ़ की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों/कंट्रोल रूम को सूचित करें।