सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर SP विनय कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ





गाजीपुर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को पुलिस कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त शाखा प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय व्यक्तित्व, दूरदर्शी नेतृत्व और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।