प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस

प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस
पत्रकारों की सुरक्षा और निश्चित मानदेय की उठी पुरजोर मांग


गाजीपुर। जिला पंचायत सभागार ल में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाज सेविका मीरा राय और प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। राकेश शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलानंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण मुरारी पाण्डेय, दरोगा पाण्डेय सहित विभिन्न वक्ताओं ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और पत्रकारों के हितों पर खुलकर अपनी बात रखी। वक्ताओं ने सरकार और समाज से पत्रकारों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की। इसके साथ ही संस्था के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने ग्रामीण व कस्बाई पत्रकारों के आर्थिक संबल के लिए सरकार द्वारा एक निश्चित मानदेय तय किए जाने की बात पर भी विशेष जोर दिया गया।

समारोह में प्रख्यात कवि बादशाह राही ने अपनी तीखी कविताओं और बेबाक शेर-ओ-शायरी के माध्यम से शासन और प्रशासन की कमियों को उजागर करते हुए उन्हें आईना दिखाने का काम किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
गंभीर चर्चाओं के बीच कार्यक्रम में मनोरंजन का तड़का तब लगा जब प्रसिद्ध मिमिक्री आर्टिस्ट विजय शंकर मंच पर आए। उन्होंने अपनी शानदार मिमिक्री और कलात्मक प्रस्तुति से सभागार में मौजूद सभी पत्रकारों और अतिथियों को हंसने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम में आकर्षण का मुख्य केंद्र रही और पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता जगत की तमाम हस्तियों को उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्रम, डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महासचिव वसीम रजा, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सह सचिव प्रदीप शर्मा मोनू, कोषाध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, सचिव आय-व्यय सुनील गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य सुनील सिंह, प्रभाकर सिंह, आई बी सिंह, महताब आलम, आसिफ , इक़रार, अजय , आरिफ़ वारसी, मनीष राय, राघवेंद्र, फूलचंद्र, आलोक त्रिपाठी, अशोक श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव और सऊद अंसारी सहित भारी संख्या में लोग, प्रबुद्ध नागरिक और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने दूर-दराज से आए सभी आगंतुकों, अतिथियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

वैषणव वर्धन सिंह का हुआ नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में सलेक्शन

नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में अपना जलवा दिखाएगा गाजीपुर का लाल

सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए काशिमाबाद के वैषणव वर्धन सिंह का सेलेक्शन

गाजीपुर। बेंगलुरू में आयोजित होने वाले वाले 26 वें सब-जूनियर नेशनल पैरास्विमिंग चैंपियनशिप में गाजीपुर के लाल वैष्णव वर्धन सिंह का जलवा देखने को मिलेगा। शारीरिक कमजोरियों के बावजूद अपने हौसलें और काबिलियत से प्रदेश स्तर पर कई बार नाम कमा चुके वैष्णव अब राष्ट्रीय फलक पर अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं। कई राउंड के शानदार ट्रायल के बाद वैष्णव का सेलेक्शन इस प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

आपको बता दें कि वैष्णव कासिमाबाद के अंतर्गत मिर्जापुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता अशोक कुमार सिंह सेना में कर्नल की जिम्मेदारी निभाते हुए भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में तैनात हैं। इससे पहले वे विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट डीविजन के निदेशक भी रह चुके हैं। वे दिल्ली में परिवार के साथ रहते हैं। जहां वैष्णव राजधानी के नामी संस्कृति स्कूल में कक्षा 6 के छात्र हैं। वैष्णव को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में खासी दिलचस्पी है। इसी का परिणाम है कि वैष्णव को स्वीमिंग के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए कई बार खिताब प्राप्त हुआ है।

नेशनल चैंपियनशिप में सेलेक्शन के बाद वैष्णव के परिवार में खुशी की लहर है। वैष्णव के करियर में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उनकी माता श्रुतिकिर्ती सिंह ने वैष्णव की सफलता का श्रेय खुद उनके मेहनत, हौसले और अनुशासन को दिया है। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि श्रुतिकिर्ती सिंह राजधानी दिल्ली में दिव्यांग बच्चों को लिए फाउंडेशन चलाने के साथ-साथ तमाम सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रहती है। साथ ही वैष्णव की इस शानदार उपलब्धि में उनकी बहन वैष्णवी का भी बड़ा योगदान रहा है। इंटरमीडियट में पढ़ने वाली वैष्णवी अपने भाई के मनोबल को बढ़ाने के लिए लगातार उसे प्रेरित करती रहती हैं। उनका हौसला बढ़ाने के लिए हर प्रतियोगिता में उनके साथ जाया करती हैं।

वैष्णव की इस उपलब्धि पर वैष्णव के कोच ने कहा कि ये सफलता तो सिर्फ वैष्णव के करियर की शुरूआत है। वैष्णव को अभी बहुत आगे जाना है। उन्होनें वैष्णव के साथ-साथ सभी सेलेक्टेड खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                

जखनियां डालिम्स सनबीम स्कूल में मनाई गई सर सैयद अहमद खाँ की जयंती

डालिम्स सनबीम स्कूल में मनाई गई सर सैयद अहमद खाँ की जयंती

निदेशक आमिर अली ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, इकरा ने किया कार्यक्रम का संचालन

जखनिया, गाजीपुर। डालिम्स सनबीम स्कूल, जखनिया में महान शिक्षाविद् एवं समाज सुधारक सर सैयद अहमद खाँ की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आमिर अली ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने सर सैयद अहमद खाँ के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन इकरा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाते हुए सर सैयद अहमद खाँ के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

इस अवसर पर विद्यालय की सब-डायरेक्टर रुबीना खान सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। सभी ने सर सैयद अहमद खाँ के विचारों और उनके शैक्षिक योगदान को याद किया। सर सैयद अहमद खाँ आधुनिक शिक्षा के प्रसार और समाज में शैक्षिक जागरूकता बढ़ाने के प्रमुख अग्रदूतों में से एक थे। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक विकास और प्रगति का महत्वपूर्ण माध्यम माना। उनके विचार आज भी नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति जागरूक होने और ज्ञान के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, जागरूकता और सामाजिक सुधार का संदेश दिया गया। विद्यालय परिवार ने सर सैयद अहमद खाँ के आदर्शों को अपनाने तथा शिक्षा के प्रसार में योगदान देने का संकल्प लिया।

जखनियां डालिम्स सनबीम स्कूल में डंडियां समारोह की धूम, मिला अवार्ड

DALIMSS SUNBEAM SCHOOL में डांडिया समारोह की धूम, प्रिया मौर्या को मिला ‘बेस्ट आउटफिट’ अवार्ड

जखनियां, गाजीपुर। DALIMSS SUNBEAM SCHOOL, जखनियां में नवरात्रि के पावन अवसर पर डांडिया समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों और अभिभावकों ने डांडिया नृत्य में उत्साहपूर्वक भाग लेकर समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर रुबीना मैम ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और डांडिया नृत्य की शुरुआत हुई। छात्राओं के साथ अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। पूरे परिसर में नवरात्रि की उमंग, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।समारोह के दौरान छात्रा प्रिया मौर्या (क्लास 9)को उनके आकर्षक पारंपरिक परिधान के लिए ‘बेस्ट आउटफिट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना था। बच्चों और अभिभावकों की संयुक्त भागीदारी ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विद्यालय की डायरेक्टर रुबीना मैम ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और कार्यक्रम में सभी की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया। डांडिया समारोह ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच आपसी प्रेम, सहयोग और उत्साह की भावना को और मजबूत किया।

जिले की अर्थव्यवस्था को गति देने पर जोर, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गाजीपुर। जनपद की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य को गति देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में राइफल क्लब सभागार में संबंधित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उद्योग-व्यापार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चंद्रशेखर प्रसाद ने वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी से संबंधित विवरण प्रस्तुत करते हुए जनपद की अर्थव्यवस्था की क्षेत्रवार संरचना की जानकारी दी। उन्होंने प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक क्षेत्रों की प्रगति से समिति को अवगत कराया।सीडीओ ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिया कि सब्जी उत्पादन करने वाले किसानों के क्लस्टर बनाए जाएं, जिससे अधिक से अधिक किसानों को प्रोत्साहित कर योजनाओं का लाभ दिया जा सके। वहीं, राज्यकर विभाग की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए गए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निजी बसों के परमिट की संख्या में हो रही कमी को दूर कर इसमें वृद्धि सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यार्थियों की शिक्षा में स्किल डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चे तकनीकी रूप से दक्ष बन सकें। इसी क्रम में जिला पर्यटन अधिकारी को जनपद के पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और जनपद की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी से संबंधित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने विभाग की योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न क्षेत्रों में समन्वित प्रयासों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही निर्धारित आर्थिक लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मतदाता पंजीकरण कैंपों में पहुंचे डीएम अनुपम शुक्ला, बीएलओ को दिए सख्त निर्देश

गाजीपुर में मतदाता पंजीकरण कैंपों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, युवा-महिला मतदाताओं पर विशेष जोर

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने और पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं के पंजीकरण के लिए जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय सिटी इंटर कॉलेज, गाजीपुर में आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण कैंपों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 231 से 237 तक सात बूथों और राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 254 से 259 तक छह बूथों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से फॉर्म-6, 7 और 8 के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं, जहां पंजीकरण से संबंधित जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरना होगा। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य निर्धारित विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी मतदाता को अधिकतम 10 फॉर्म-7 ही उपलब्ध कराए जाएं।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को निर्देशित किया कि युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसी क्रम में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और संबंधित अधिकारियों ने भी मतदाता पंजीकरण कैंपों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वाराणसी ओवरऑल चैंपियन, गाजीपुर उपविजेता

गाजीपुर। छावनी लाइन स्थित नवीन स्टेडियम में आयोजित 70वीं दो दिवसीय मंडल स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का दमदार प्रदर्शन किया। इसमें मेजबान गाजीपुर के अलावा वाराणसी, चंदौली और जौनपुर जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी इलाहाबाद में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक, वाराणसी मंडल दिनेश सिंह ने विजेता खिलाड़ियों, टीम कोच, मैनेजर और आयोजन से जुड़े लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की है, लेकिन यह अंतिम पड़ाव नहीं है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आगे की राह प्रशस्त करें। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता देने के साथ नौकरी के अवसर भी प्रदान कर रही है। विद्यार्थियों की सफलता से उनके शिक्षक भी गौरवान्वित होते हैं। इससे पूर्व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि को स्मृतिचिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दूसरे दिन की खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत अंडर-19 बालक वर्ग की क्रॉस कंट्री स्पर्धा से हुई।

विभिन्न स्पर्धाओं में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

अंडर-19 बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में गाजीपुर के आदित्य यादव, 400 मीटर दौड़ में जौनपुर के स्वप्निल कुमार, 400 मीटर बाधा दौड़ में गाजीपुर के विशाल यादव, 4×400 मीटर रिले रेस में जौनपुर की टीम, डिस्कस थ्रो में जौनपुर के शुभम कन्नौजिया और हैमर थ्रो में चंदौली के आयुष कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।अंडर-19 बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में वाराणसी की ज्योति गौतम, 1500 मीटर दौड़ में वाराणसी की आयुषी, क्रॉस कंट्री में वाराणसी की आयुषी पटेल, ऊंची कूद में चंदौली की नगमा, त्रिकूद में वाराणसी की जगत नंदनी और हैमर थ्रो में जौनपुर की अंशिका पटेल ने अपने-अपने इवेंट में बाजी मारी। अंडर-17 बालक वर्ग के हैमर थ्रो में गाजीपुर के शौर्य पांडेय, डिस्कस थ्रो में गाजीपुर के आर्यन और त्रिकूद में वाराणसी के रुद्राक्ष भारद्वाज अव्वल रहे। अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में गाजीपुर की आरती यादव, 3000 मीटर दौड़ में जौनपुर की अंशिका यादव, ऊंची कूद में चंदौली की सोनी कुमारी, त्रिकूद में चंदौली की पलक यादव और हैमर थ्रो में जौनपुर की श्रेयांस पाठक ने प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में गाजीपुर के यशवीर, डिस्कस थ्रो में जौनपुर के वैभव जायसवाल तथा लंबी कूद और ऊंची कूद दोनों स्पर्धाओं में गाजीपुर के कृष्णा प्रजापति ने पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालिका वर्ग के डिस्कस थ्रो में जौनपुर की श्रेया पटेल, लंबी कूद में वाराणसी की आकांक्षा पाल और ऊंची कूद में गाजीपुर की सौम्या ने बाजी मारी।

ओवरऑल चैंपियन बना वाराणसी

प्रतियोगिता में वाराणसी जनपद की टीम ओवरऑल चैंपियन रही, जबकि गाजीपुर की टीम उपविजेता बनी। सीनियर बालक वर्ग में गाजीपुर और सीनियर बालिका वर्ग में वाराणसी की टीम चैंपियन रही। जूनियर बालक वर्ग में गाजीपुर, जूनियर बालिका वर्ग में जौनपुर, सब-जूनियर बालक वर्ग में गाजीपुर तथा सब-जूनियर बालिका वर्ग में वाराणसी की टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, सुदीप सिंह, मेजर दिलीप सिंह, सर्वेश सिंह, राजेश सिंह, अरुण कुमार, विजय शंकर राय, कमरुद्दीन, राकेश सिंह, रामप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में मुरलीधर राय, अंजनी सिंह, इश्लेश सिंह, तरुण सिंह, संजीव, हिमांशु सिंह, इंद्रजीत, लालबहादुर, रामपलट यादव, सुनील, अखंड राय, दिव्यांशु, सतीश सिंह, मनोज यादव, गौरव सिंह, उदय शर्मा, नेसार अहमद फैज, संजय यादव, रामआशीष यादव, इब्राहीम खान, महिमा मौर्या, संजय चौरसिया, चंद्रभूषण, रीना पांडेय, चेतना सिंह, अंकिता सिंह, कल्पना मिश्रा, अनीता उपाध्याय, श्वेता राय, आकाश पाठक, एमडी खान और संदीप सिंह सहित दर्जनों शारीरिक शिक्षक निर्णायक मंडल में शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में सिटी इंटर कॉलेज, गाजीपुर के प्रधानाचार्य दिनेश यादव और क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने संयुक्त रूप से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 की तैयारी तेज, 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

गाजीपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 की तैयारी तेज, 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप


फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र लगाने की अनिवार्यता समाप्त, नए मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर

गाजीपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को रायफल क्लब सभागार में निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 और मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की प्रति उपलब्ध कराई। उन्होंने आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर के दौरान इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 के साथ संलग्न घोषणा पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। अब मतदाता पूर्व की भांति अपने आवेदन के साथ निवास और जन्मतिथि से संबंधित साक्ष्य लगाकर आवेदन कर सकते हैं। बैठक में निर्वाचक नामावली में जेंडर रेशियो और ईपीआईसी रेशियो बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे 17 और 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले विशेष कैंपों में सक्रिय सहयोग करें, ताकि अब तक पंजीकरण से वंचित सभी पात्र मतदाताओं और युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने एसआईआर के दौरान आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण पंजीकरण से वंचित रह गई महिलाओं का भी शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने में सहयोग देने का आह्वान किया। इसके साथ ही मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में भी जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय मंत्री राजन प्रजापति, अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य रविकांत राय, समाजवादी पार्टी के जिला सचिव एवं मतदाता सूची प्रभारी राजेश कुमार यादव, आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जावेद अहमद, बहुजन समाज पार्टी के जनक प्रसाद सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शाह फैज स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दशहरा पर्व

शाह फैज पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दशहरा पर्व

गाजीपुर। शाह फैज पब्लिक स्कूल, गाजीपुर में दशहरा पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राइमरी एवं प्री-प्राइमरी वर्ग के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में डांडिया नृत्य, दशहरा पर भाषण, रामायण पर आधारित नाट्य मंचन तथा प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 4 के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव के माहौल को और भी आकर्षक बना दिया। विद्यार्थियों ने दशहरा पर्व के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा रामायण पर आधारित नाट्य मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं जीवन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। बच्चों ने विभिन्न पात्रों की वेशभूषा धारण कर अपने अभिनय से सभी को प्रभावित किया। भगवान श्रीराम के रूप में यूकेजी-सी के आयांश एवं कक्षा चार-ए के अर्पित, माता सीता के रूप में यूकेजी-ए की आन्या एवं कक्षा चार-ए की आराध्या, लक्ष्मण के रूप में एलकेजी-सी के मेवान एवं कक्षा चार-सी के कौस्तुभ, हनुमान के रूप में एलकेजी-सी के पारितोष एवं कक्षा चार-सी के रिशु तथा रावण के रूप में कक्षा चार-ए के सम्राट एवं श्लोक ने अपनी भूमिकाओं को प्रभावशाली ढंग से निभाया।

कार्यक्रम में दशहरा पर्व एवं रामायण पर आधारित प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों ने पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्व को समझा। प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी एवं समन्वयक अंजली श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में माधुरी पांडेय, सायमा ज़मन, प्रियंका सिंह, प्रीति तिवारी एवं शिप्रदा पांडेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के पदाधिकारियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराना तथा उनमें नैतिक मूल्यों का विकास करना था। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को संदेश दिया गया कि दशहरा सत्य की असत्य पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। इस प्रकार विद्यालय में आयोजित दशहरा समारोह विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक होने के साथ-साथ शिक्षाप्रद एवं प्रेरणादायक भी रहा।

स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत

स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत, अजीत चौबे ने जमानियां में किया व्यापक जनसंपर्क


डॉ. केदारनाथ सिंह और डॉ. प्रमोद मिश्र के समर्थन में शिक्षकों व स्नातक मतदाताओं से की मुलाकात, भारी मतों से जिताने की अपील

गाजीपुर। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा जिला प्रभारी अजीत चौबे ने जमानियां विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में व्यापक जनसंपर्क कर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. केदारनाथ सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्र के पक्ष में मतदान की अपील की।अजीत चौबे ने गहमर इंटर कॉलेज, दिलदारनगर, जमानियां सहित विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षकों एवं स्नातक मतदाताओं के साथ बैठक की। उन्होंने मतदाताओं से संवाद करते हुए पार्टी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग की उन्नति और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार देश एवं प्रदेश के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, दिलदारनगर नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल, भाजपा जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, अमित सिंह, भक्ति सिंह, शक्ति सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शरभंग मुनि की गति, श्रीराम की प्रतिज्ञा, भक्त सुतीक्ष्ण एवं अगस्त्य मुनि से भेंट और प्रभु के दस अवतारों की झांकी का भावपूर्ण मंचन

शरभंग मुनि की गति, श्रीराम की प्रतिज्ञा, भक्त सुतीक्ष्ण एवं अगस्त्य मुनि से भेंट और प्रभु के दस अवतारों की झांकी का भावपूर्ण मंचन

गाजीपुर। अतिप्राचीन श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में गुरुवार को रामलीला के दसवें दिन अर्बन बैंक के पास राजा शंभूनाथ के बाग में श्रीराम संवाद, शरभंग मुनि की गति, श्रीराम की प्रतिज्ञा, भक्त सुतीक्ष्ण एवं अगस्त्य मुनि से भेंट और प्रभु के दस अवतारों की झांकी का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला के विभिन्न प्रसंगों को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। लीला का शुभारंभ कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता को माल्यार्पण कर आरती-पूजन के साथ किया। इसके बाद राजा भैया आदर्श श्रीरामलीला मंडल के कलाकारों ने रामचरितमानस के प्रसंगों का सजीव मंचन किया।

लीला में दिखाया गया कि महर्षि अत्रि से आज्ञा लेकर प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता वन की ओर प्रस्थान करते हैं। वन यात्रा के दौरान प्रभु शरभंग मुनि के आश्रम पहुंचते हैं। श्रीराम के दर्शन पाकर मुनि स्वयं को धन्य मानते हैं। वे बताते हैं कि प्रभु के वन आगमन का समाचार सुनकर वे लंबे समय से उनके दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे थे।शरभंग मुनि प्रभु से कहते हैं, “नाथ सकल साधन मैं हीना। कीन्ही कृपा जानि जन दीना।” अर्थात वे स्वयं को सभी साधनों से रहित और प्रभु की कृपा का पात्र मानते हैं। इसके बाद मुनि योग, जप और तप सहित अपने समस्त पुण्य कर्म प्रभु के चरणों में समर्पित कर देते हैं। सांसारिक आसक्ति त्यागकर वे चिता पर बैठकर अपने नश्वर शरीर का त्याग करते हैं और प्रभु के परमधाम को प्रस्थान करते हैं।

शरभंग मुनि के आश्रम से आगे बढ़ते हुए प्रभु श्रीराम वन में ऋषि-मुनियों के अस्थि-समूह देखते हैं। इसका कारण पूछने पर ऋषि बताते हैं कि राक्षसों ने तपस्वियों की हत्या कर उनके शरीर को नष्ट कर दिया है। यह सुनकर प्रभु श्रीराम करुणा और धर्मरक्षा के संकल्प से दोनों भुजाएं उठाकर प्रतिज्ञा करते हैं—

“निसिचर हीन करउँ महि, भुज उठाइ पन कीन्ह।
सकल मुनिन्ह के आश्रमन्हि, जाइ जाइ सुख दीन्ह॥”

अर्थात भगवान श्रीराम संकल्प लेते हैं कि वे पृथ्वी को राक्षसों के अत्याचार से मुक्त करेंगे और सभी ऋषि-मुनियों के आश्रमों में जाकर उन्हें भयमुक्त जीवन प्रदान करेंगे। यह प्रसंग धर्म की रक्षा, अन्याय के प्रतिकार और निर्बलों की सुरक्षा का संदेश देता है।

इसके बाद लीला में प्रभु श्रीराम की भक्त सुतीक्ष्ण और महर्षि अगस्त्य से भेंट का मंचन हुआ। इसके बाद रामलीला लंका मैदान के लिए रवाना हो गई। जहां रामलीला मैदान के पूर्वी छोर पर राम जानकी मंदिर पर भगवान के दस अवतारों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री लवकुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उपप्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष बाबू रोहित अग्रवाल, कृष्णांश त्रिवेदी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर 200 महिलाओं को मिला कृषि प्रशिक्षण

गाजीपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर 200 महिलाओं को मिला कृषि प्रशिक्षण, 60 किसानों को बांटे गए निःशुल्क बीज मिनीकिट


विकसित कृषि और विकसित भारत के निर्माण में महिला किसानों की भूमिका पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

गाजीपुर। भारतीय कृषि व्यवस्था में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए जनपद में अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ‘विकसित कृषि और विकसित भारत के निर्माण में महिला किसानों की भूमिका’ विषय पर चर्चा करते हुए महिलाओं को कृषि, उद्यान, मत्स्य पालन एवं पशुपालन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला कृषि अधिकारी की उपस्थिति में कृषि विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में करीब 200 महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान महिला किसानों को कृषि से संबंधित तकनीकी जानकारियां, खेती की उन्नत विधियां तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के तरीकों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने भारतीय कृषि में महिलाओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से अपनी आजीविका चलाती हैं। वहीं, कृषि निवेश केंद्र जमानिया में पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने लगभग 60 किसानों को चना और सरसों के बीज मिनीकिट निःशुल्क वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य छोटे और मध्यम किसानों को दलहन एवं तिलहन की खेती के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी आय और आजीविका में सुधार लाना है। कार्यक्रम के माध्यम से महिला किसानों को कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने, विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ लेने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने महिला किसानों को कृषि विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए विकसित कृषि के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने पर जोर दिया।

Uttar Pradesh Fast News