सीबीएसई अंडर-14 ईस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट में मोहम्मद उजैर रियाज़ ने जीता रजत पदक
गाजीपुर। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल की कक्षा 4-C के प्रतिभाशाली छात्र मोहम्मद उजैर रियाज़ ने सीबीएसई अंडर-14 ईस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर गाजीपुर का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह/प्लेस ऑफ सेफ्टी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। सीबीएसई अंडर-14 ईस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 18 से 23 सितंबर 2026 तक विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल, प्रयागराज में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। मोहम्मद उजैर रियाज़ ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन से टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उजैर रियाज़ के पिता रियाज़उद्दीन गाजीपुर स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह/प्लेस ऑफ सेफ्टी में पीटीआई के पद पर कार्यरत हैं। पुत्र की इस उपलब्धि पर परिवार के साथ उनके कार्यस्थल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी खुशी जताई। उजैर रियाज़ की उपलब्धि पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, किशोर न्याय बोर्ड गाजीपुर के सदस्य नीरज कुमार मानू, शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल के पीटीआई दिनेश राय, संस्था अधीक्षक राम अचल मौर्या, वरिष्ठ सहायक संजय यादव, राजू यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र में उजैर रियाज़ ने मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उजैर आने वाले समय में भी क्रिकेट के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम रोशन करेंगे।









