युवा उत्सव में पीजी कॉलेज की प्रज्ञा रेंजर्स का जलवा, चार प्रतियोगिताओं में जीते पुरस्कार; 13 हजार रुपये की धनराशि पर जमाया कब्जा
गाजीपुर। पीजी कॉलेज गाजीपुर की प्रज्ञा रेंजर्स छात्राओं ने जनपद स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। विगत 3 नवंबर 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए।

कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा कल्याण विभाग गाजीपुर द्वारा किया गया, जिसके संयोजक श्री दिलीप कुमार रहे। महाविद्यालय की प्रज्ञा रेंजर्स टीम ने डॉ. शिवकुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। जनपद स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में टीम ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त पेंटिंग प्रतियोगिता में पायल कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इस वर्ष युवा उत्सव की थीम ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ रखी गई थी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 3,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित थी। प्रज्ञा रेंजर्स की छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में कुल 13,000 रुपये की पुरस्कार राशि जीतकर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया।

लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम अब आगामी मंडल स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता में प्रमुख रूप से श्वेता कुमारी, मुस्कान, खुशबू चौहान, खुशी श्रीवास्तव, निशा बारी सहित अन्य छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजेता छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन सुभाष प्रसाद एवं राकेश कुमार ने किया।
