रवि पाण्डेय के प्रयासों से दो 63 केवीए ट्रांसफार्मर स्वीकृत, एक स्थापित

महेशपुर द्वितीय में बिजली व्यवस्था सुधारने की मुहिम रंग लाई, रवि पाण्डेय के प्रयासों से दो 63 केवीए ट्रांसफार्मर स्वीकृत, एक स्थापित; दूसरा दिवाली बाद लगेगा

महेशपुर द्वितीय। गांव में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। पूर्व ग्राम प्रधान मीना पाण्डेय के पुत्र एवं समाजसेवी रवि पाण्डेय के प्रयासों से गांव के लिए दो 63 केवीए के ट्रांसफार्मर स्वीकृत कराए गए हैं। इनमें से एक ट्रांसफार्मर स्थापित हो चुका है, जबकि दूसरा दिवाली के बाद महेशपुर द्वितीय स्थित स्कूल के पास लगाया जाएगा। गांव में बिजली व्यवस्था का सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। एक समय ऐसा था जब ग्रामीणों को घरजूरी ट्यूबवेल से बिजली की व्यवस्था करनी पड़ती थी। वर्ष 2005 में मीना पाण्डेय के ग्राम प्रधान बनने के बाद राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत गांव में बिजली के खंभे लगवाए गए और मोहल्लों में 10 क्षमता के ट्रांसफार्मर स्थापित कराए गए। इसके बाद भी बिजली की बढ़ती जरूरत और लो-वोल्टेज की समस्या को देखते हुए 25 क्षमता का ट्रांसफार्मर बदलवाया गया। समय के साथ बिजली की मांग बढ़ने और लो-वोल्टेज की समस्या बने रहने के कारण रवि पाण्डेय ने एक बार फिर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। लगातार प्रयासों के बाद गांव के लिए दो 63 केवीए के ट्रांसफार्मर स्वीकृत हुए। इनमें से एक लग चुका है और दूसरा दिवाली के बाद महेशपुर द्वितीय स्कूल के पास स्थापित किया जाएगा। दूसरे ट्रांसफार्मर के स्थापित होने के बाद गांव की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूती मिलने तथा ग्रामीणों को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इस पहल की ग्रामवासियों ने सराहना की। वहीं, समाजसेवी रवि पाण्डेय ने इस प्रयास का श्रेय किसी एक व्यक्ति को न देकर समस्त ग्रामवासियों को दिया। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए सभी का सहयोग और सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण है। इस पहल में सहयोग और समर्थन देने वालों में शिव शंकर यादव, रितेश यादव, मुनीम यादव, राम प्रकाश यादव, गुलाब यादव, विकास यादव, गुड्डू यादव और प्रिंस पाण्डेय सहित समस्त ग्रामवासी शामिल हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.