महुआबाग में नगर पालिका की दस्तक, दुकानों की हुई पैमाइश; OTS से बकायेदारों को बड़ी राहत!

महुआबाग में नगर पालिका का विशेष अभियान, बकायेदारों की हुई पैमाइश; OTS योजना से ब्याज और जुर्माने में मिलेगी छूट

गाजीपुर। नगर पालिका परिषद गाजीपुर की ओर से राजस्व वृद्धि और बकाया करों की वसूली को लेकर मंगलवार को महुआबाग स्थित दत्ता की शुभ्रा कॉम्प्लेक्स में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पालिका की टीम ने गृहकर और जलकर के बकाये को लेकर पैमाइश की तथा व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें शासन की एकमुश्त समाधान योजना (OTS) के प्रति जागरूक किया।

कर अधीक्षक जय प्रकाश एवं राजस्व निरीक्षक मंजीत सिंह और रविंद्र कुमार सोनकर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने बकायेदारों को योजना की जानकारी देते हुए समय से कर जमा करने की अपील की। टीम में श्री जावेद, टैक्स विभाग के कर्मचारी सन्नी कुमार, गोविन्द चौरसिया, आकाश दुबे तथा कंप्यूटर ऑपरेटर योगेश कुमार शामिल रहे।

नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि शासन की एकमुश्त समाधान योजना 15 अगस्त से 15 दिसंबर 2026 तक लागू है। इसके तहत पुराने गृहकर, जलकर एवं व्यावसायिक कर के बकाये पर ब्याज और जुर्माने में छूट का लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत निर्धारित समय में बकाया जमा करने से करदाताओं को अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी और नोटिस एवं अन्य प्रशासनिक कार्रवाई से भी बचाव होगा।

अभियान के दौरान व्यापारियों को बताया गया कि नगर पालिका को मिलने वाले राजस्व का उपयोग शहर की साफ-सफाई, सड़क निर्माण और प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं के विकास में किया जाता है।

नगर पालिका परिषद ने सभी बकायेदारों से अपील की है कि वे 15 दिसंबर 2026 से पहले OTS योजना का लाभ उठाते हुए अपना बकाया कर जमा करें। इसके लिए नगर पालिका कार्यालय अथवा क्षेत्र के संबंधित राजस्व कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.