गाजीपुर युवा उत्सव में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, कविता से लोकनृत्य तक बिखेरा हुनर; विजेताओं को मिला पुरस्कार
कविता लेखन, गायन, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक और लोकनृत्य प्रतियोगिताओं में युवाओं ने किया शानदार प्रदर्शन, प्रथम विजेताओं को मिले 5 हजार रुपये
गाजीपुर। युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उनमें नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मकता विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पीजी कॉलेज गाजीपुर में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विकसित भारत यंग लीडरशिप-2027 (क्वार्टर ट्रैक राष्ट्रीय युवा उत्सव) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि युवा उत्सव का उद्देश्य जनपद की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी कला, साहित्य एवं सांस्कृतिक क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को विकसित करते हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत कविता लेखन, गायन, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक एवं लोकनृत्य सहित विभिन्न विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए। इनमें प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं की सूची
कविता लेखन में सदर विकासखंड के निखिल यादव ने प्रथम, बाराचवर के विकास कुमार गुप्ता ने द्वितीय तथा सदर की कृतिका कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गायन प्रतियोगिता में मनिहारी की अशिका चौधरी प्रथम, बिरनो की पायल कुमारी द्वितीय तथा सदर के आयुष सिंह तृतीय स्थान पर रहे।लोकगीत में सदर के अंकित ने प्रथम, बाराचवर के सुधीर ने द्वितीय तथा रेवतीपुर की सुहानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में करिश्मा भारती एवं उनकी टीम ने प्रथम, शगुन एवं उनकी टीम ने द्वितीय तथा आकांक्षा एवं उनकी टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों टीमें सदर विकासखंड की रहीं।

लोकनृत्य प्रतियोगिता में सदर ब्लॉक की खुशी एवं उनकी टीम ने प्रथम, राजकीय पीजी कॉलेज गाजीपुर की टीम ने द्वितीय तथा सदर ब्लॉक की माहे इमराज की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण प्रभारी प्राचार्य पीजी कॉलेज प्रो. वीरेंद्र कुमार सिंह ने किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 3,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 2,000 रुपये की धनराशि के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक महेंद्र यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद यादव, प्रो. शिवकुमार, संजय कुमार श्रीवास्तव, सुभाष प्रजापति, राकेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा नामित प्रवक्ताओं ने निर्णायक की भूमिका निभाई। अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की जानकारी दी। उन्होंने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
