देवकी स्वीट्स समेत कई दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, कहीं पनीर तो कहीं रसगुल्ला और बेसन लड्डू निकले संदूषित!
दीपावली से पहले गाजीपुर में मिठाई कारोबारियों पर खाद्य विभाग का बड़ा शिकंजा! 69 किलो संदूषित मिठाई-पनीर नष्ट, 8 नमूने जांच के लिए भेजे
कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, कहीं पनीर तो कहीं रसगुल्ला और बेसन लड्डू कराया गया नष्ट; बाजार में मचा हड़कंप
गाजीपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को जिले के विभिन्न बाजारों में छापेमारी और निरीक्षण के दौरान कुल 8 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए, जबकि मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 69 किलोग्राम संदूषित खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराया गया। नष्ट कराई गई सामग्री की अनुमानित कीमत 13,850 रुपये बताई गई है। खाद्य विभाग की टीम ने 3 नवंबर को शहनिन्दा, मुहम्मदाबाद स्थित मेसर्स खुशी डेयरी से पनीर का नमूना लिया और 5 किलोग्राम संदूषित पनीर नष्ट कराया। बदौली, भावरकोल स्थित कृष्णा गुप्ता के प्रतिष्ठान से चमचम मिठाई का नमूना संग्रह किया गया। वहीं बहरियाबाद में श्यामजीत यादव स्वीट्स से डोडा बर्फी और पेड़ा के नमूने लिए गए। बहरियाबाद बाजार स्थित मेसर्स सूरज स्वीट्स से 5 किलोग्राम छेना मिठाई, 3 किलोग्राम बर्फी और मिक्स मेवा संदूषित पाए जाने पर नष्ट कराया गया। बंशीबाजार स्थित मेसर्स देव की स्वीट्स एंड फूडिज से पेड़ा का नमूना लिया गया। नंदगंज बाजार में मेसर्स पाल स्वीट हाउस से बेसन लड्डू का नमूना संग्रह करने के साथ 15 किलोग्राम संदूषित बेसन लड्डू नष्ट कराया गया। इसी बाजार के मेसर्स श्याम स्वीट हाउस से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया।

बरुईन, जमानिया स्थित मेसर्स महादेव जलपान एंड स्वीट्स से छेना मिठाई का नमूना संग्रह किया गया। यहां 3 किलोग्राम बर्फी, 5 किलोग्राम पेड़ा, 3 किलोग्राम छेना, 1 किलोग्राम लाल चटनी, 3 किलोग्राम सोनपापड़ी और 10 किलोग्राम सीरा नष्ट कराया गया। धामूपुर धरवा स्थित योगेन्द्र स्वीट हाउस से सोनपापड़ी का नमूना लिया गया, जबकि महाराजगंज स्थित मेसर्स सूरज स्वीट हाउस से 15 किलोग्राम रसगुल्ला नष्ट कराया गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ शामिल रहे। त्योहार के मद्देनजर विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।