All posts by tiwarishivpratap

देवकी स्वीट्स समेत कई दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी

देवकी स्वीट्स समेत कई दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, कहीं पनीर तो कहीं रसगुल्ला और बेसन लड्डू निकले संदूषित!

दीपावली से पहले गाजीपुर में मिठाई कारोबारियों पर खाद्य विभाग का बड़ा शिकंजा! 69 किलो संदूषित मिठाई-पनीर नष्ट, 8 नमूने जांच के लिए भेजे

कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, कहीं पनीर तो कहीं रसगुल्ला और बेसन लड्डू कराया गया नष्ट; बाजार में मचा हड़कंप

गाजीपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को जिले के विभिन्न बाजारों में छापेमारी और निरीक्षण के दौरान कुल 8 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए, जबकि मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 69 किलोग्राम संदूषित खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराया गया। नष्ट कराई गई सामग्री की अनुमानित कीमत 13,850 रुपये बताई गई है। खाद्य विभाग की टीम ने 3 नवंबर को शहनिन्दा, मुहम्मदाबाद स्थित मेसर्स खुशी डेयरी से पनीर का नमूना लिया और 5 किलोग्राम संदूषित पनीर नष्ट कराया। बदौली, भावरकोल स्थित कृष्णा गुप्ता के प्रतिष्ठान से चमचम मिठाई का नमूना संग्रह किया गया। वहीं बहरियाबाद में श्यामजीत यादव स्वीट्स से डोडा बर्फी और पेड़ा के नमूने लिए गए। बहरियाबाद बाजार स्थित मेसर्स सूरज स्वीट्स से 5 किलोग्राम छेना मिठाई, 3 किलोग्राम बर्फी और मिक्स मेवा संदूषित पाए जाने पर नष्ट कराया गया। बंशीबाजार स्थित मेसर्स देव की स्वीट्स एंड फूडिज से पेड़ा का नमूना लिया गया। नंदगंज बाजार में मेसर्स पाल स्वीट हाउस से बेसन लड्डू का नमूना संग्रह करने के साथ 15 किलोग्राम संदूषित बेसन लड्डू नष्ट कराया गया। इसी बाजार के मेसर्स श्याम स्वीट हाउस से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया।

बरुईन, जमानिया स्थित मेसर्स महादेव जलपान एंड स्वीट्स से छेना मिठाई का नमूना संग्रह किया गया। यहां 3 किलोग्राम बर्फी, 5 किलोग्राम पेड़ा, 3 किलोग्राम छेना, 1 किलोग्राम लाल चटनी, 3 किलोग्राम सोनपापड़ी और 10 किलोग्राम सीरा नष्ट कराया गया। धामूपुर धरवा स्थित योगेन्द्र स्वीट हाउस से सोनपापड़ी का नमूना लिया गया, जबकि महाराजगंज स्थित मेसर्स सूरज स्वीट हाउस से 15 किलोग्राम रसगुल्ला नष्ट कराया गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ शामिल रहे। त्योहार के मद्देनजर विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

उज्ज्वला लाभार्थियों को दिवाली का तोहफा! महिलाओं को मिला मुफ्त गैस सिलेंडर

गाजीपुर। त्योहारों पर रसोई का खर्च कम करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल देने की योजना का शुभारंभ किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार से प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थियों के लिए 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी अंतरण प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसी क्रम में गाजीपुर के राइफल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में 265 उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर वितरण का लाभ दिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल रहीं। उन्होंने लाभार्थियों को योजना की जानकारी देते हुए सरकार की इस पहल को महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए राहत देने वाला कदम बताया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान और जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

योजना के तहत लाभार्थी को पहले गैस एजेंसी पर उपभोक्ता दर के अनुसार सिलेंडर की पूरी कीमत चुकाकर रिफिल लेना होगा। इसके चार से पांच दिन बाद सब्सिडी की धनराशि आधार प्रमाणित बैंक खाते में अंतरित की जाएगी। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की सब्सिडी अलग-अलग मिलेगी। जनपद में एक भरे सिलेंडर की कीमत लगभग 1014 रुपये निर्धारित है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 366 रुपये और प्रदेश सरकार की ओर से 648 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इस प्रकार पात्र लाभार्थी को पूरी कीमत के बराबर सब्सिडी का लाभ मिलेगा।

जिले में कुल 66 घरेलू गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनके माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 3,21,168 सक्रिय लाभार्थी जुड़े हैं। इनमें से 2,97,967 लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक हो चुके हैं, जबकि 2,81,121 लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है।प्रशासन ने शेष लाभार्थियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने बैंक खाते का आधार प्रमाणीकरण और गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए ऑयल कंपनियों की ओर से मोबाइल पर एसएमएस भेजे जा रहे हैं और गैस एजेंसियां भी फोन के माध्यम से लाभार्थियों को सूचित कर रही हैं।

योजना के प्रथम चरण में अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण में जनवरी से मार्च 2027 तक लाभ दिया जाना है। यह सुविधा उज्ज्वला योजना के पात्र कनेक्शन पर लागू होगी, दूसरे सिलेंडर यानी डीबीसी कनेक्शन पर नहीं। कार्यक्रम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, विभागीय कर्मचारी और गैस एजेंसी संचालक सहित बड़ी संख्या में संबंधित लोग उपस्थित रहे।

भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की पहल, जनसुनवाई कर लोगों को बताए शिकायत दर्ज कराने के नियम

भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की पहल, गाजीपुर में जनसुनवाई कर लोगों को बताए शिकायत दर्ज कराने के नियम

गाजीपुर। सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर लोकायुक्त एवं उप लोकायुक्त, उत्तर प्रदेश की ओर से कलेक्ट्रेट सभागार में जागरूकता एवं जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार एवं कुप्रशासन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के संबंध में आमजन को जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को लोकायुक्त की कार्यप्रणाली, अधिकार क्षेत्र और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

अविनाश शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी एवं मुख्य प्रोटोकॉल अधिकारी तथा श्वेताक्ष मिश्र, समीक्षा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश को भ्रष्टाचार एवं कुप्रशासन से मुक्त बनाने के उद्देश्य से लोकायुक्त के समक्ष मंत्रियों, विधायकों और अन्य लोकसेवकों के विरुद्ध भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग एवं कुप्रशासन से संबंधित शिकायतों की नियमानुसार जांच की जाती है। जांच के बाद दोषी पाए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संस्तुति मुख्यमंत्री अथवा मुख्य सचिव को भेजी जाती है। इसके साथ ही वार्षिक प्रतिवेदन राज्यपाल को प्रस्तुत किया जाता है।

शिविर में बताया गया कि प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, सरकारी कंपनियों, निगमों, सोसाइटियों एवं अधिसूचित परिषदों से संबंधित शिकायतें लोकायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके अलावा सेवानिवृत्ति देयकों के भुगतान, मृतक आश्रित सेवायोजन, विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, निराश्रित एवं वृद्ध महिलाओं की पेंशन तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के आरक्षण से संबंधित मामले भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत उठाए जा सकते हैं।

अधिकारियों ने लोकायुक्त के अधिकार क्षेत्र की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के अधिकारी-कर्मचारी, मुख्यमंत्री को छोड़कर मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य, नगर निगम के महापौर, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध निर्धारित प्रावधानों के अनुसार परिवाद प्रस्तुत किया जा सकता है। हालांकि धारा-22 में वर्णित न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी एवं महालेखाकार आदि इसके अपवाद हैं। शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में बताया गया कि परिवाद निर्धारित प्रपत्र पर तीन प्रतियों में, यथासंभव हिंदी में टंकित कराकर प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ नोटरी शपथ पत्र और परिवाद, शपथ पत्र एवं संलग्नकों का नियमानुसार सत्यापन भी अनिवार्य है। अभिकथन संबंधी परिवाद के लिए 2,000 रुपये की प्रतिभूति निर्धारित लेखा शीर्षक के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक अथवा कोषागार में चालान के माध्यम से जमा करनी होगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई शिकायत मिथ्या अथवा फर्जी पाई जाती है तो परिवादी पर लोकायुक्त द्वारा 50 हजार रुपये तक का हर्जाना लगाया जा सकता है। साथ ही जमा की गई प्रतिभूति की धनराशि भी जब्त की जा सकती है। प्रतिभूति की धनराशि वापस प्राप्त करने के लिए परिवादी को राष्ट्रीयकृत बैंक की पासबुक की स्वप्रमाणित छायाप्रति, बैंक खाता संख्या, शाखा का नाम, जिला एवं आईएफएससी कोड सहित मूल चालान उपलब्ध कराना होगा। इसके अलावा परिवाद में अपना पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अंकित करना भी आवश्यक है। अंत में अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग एवं कुप्रशासन से संबंधित किसी भी अनियमितता के मामले में जागरूक रहें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत लोकायुक्त एवं उप लोकायुक्त के समक्ष अपनी शिकायत प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की स्थापना में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, मिलावटी मिठाई नष्ट; 15 नमूने लेकर मचा हड़कंप

दीपावली से पहले गाजीपुर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 49 किलो मिलावटी मिठाई नष्ट; 15 नमूने लेकर मचा हड़कंप


गाजीपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जिले के विभिन्न बाजारों में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 49 किलोग्राम खोया, छेना मिठाई, रसगुल्ला एवं गुलाब जामुन को मौके पर ही नष्ट कराया गया। नष्ट कराई गई मिठाइयों की अनुमानित कीमत 13,900 रुपये बताई गई है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और सहायक आयुक्त खाद्य आरसी पाण्डेय के निर्देश में यह अभियान चलाया गया।

खाद्य विभाग की टीम ने 1 नवंबर को कासिमाबाद क्षेत्र के सुकहा सोनबरसा स्थित रसप्रिया स्वीट्स से नारियल लड्डू एवं गोंद लड्डू के नमूने लिए। यहां सात किलोग्राम संदूषित खोया नष्ट कराया गया। सलामतपुर स्थित मंगल मूर्ति मिष्ठान भंडार से 10 किलोग्राम संदूषित छेना मिठाई नष्ट कराई गई। इसके अलावा जखनिया बाजार के यादव स्वीट्स हाउस से बर्फी, सादात रेलवे स्टेशन के पास से छेना मिठाई, बंशीबाजार स्थित श्री स्वीट्स हाउस एंड बेकर्स से बूंदी लड्डू एवं कलाकंद तथा भटौली बाजार स्थित शिवपूजन बाबा स्वीट्स हाउस से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। इसी क्रम में 2 नवंबर को कठवामोड़ मुहम्मदाबाद स्थित जायसवाल स्वीट हाउस से बर्फी, गोराबाजार के मौर्या मिष्ठान से बूंदी लड्डू, जमानिया रेलवे स्टेशन से बूंदी लड्डू, खानपुर के प्रीति मिष्ठान भंडार से बर्फी, मौधा के विराट मिष्ठान भंडार से छेना मिठाई, सिखड़ी बाजार के गोपाल स्वीट हाउस से बर्फी, दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन स्थित कन्हैया स्वीट हाउस से छेना मिठाई तथा यादव मोड़ जंगीपुर से छेना मिठाई का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं मरदह क्षेत्र के परसेरवा चट्टी स्थित कृष्णा पनीर मिष्ठान भंडार से 20 किलोग्राम संदूषित रसगुल्ला एवं 12 किलोग्राम गुलाब जामुन नष्ट कराया गया। इनकी अनुमानित कीमत 9,600 रुपये बताई गई।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गुलाबचंद गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ की टीम ने की।

मेडल की हैट्रिक लगाकर बढ़ाया का मान, चौथे दिन एथलीटों ने जीते तीन पदक

शुभम यादव ने मेडल की हैट्रिक लगाकर बढ़ाया गाजीपुर का मान, चौथे दिन एथलीटों ने जीते तीन पदक


बहरियाबाद। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 70वीं पांच दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के चौथे दिन सोमवार को जनपद के एथलीटों ने एक स्वर्ण सहित तीन पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।

वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बहरियाबाद के होनहार खिलाड़ी शुभम यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की हैट्रिक पूरी की। शुभम ने अंडर-19 बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक तथा 4×100 मीटर रिले रेस में रजत पदक हासिल किया। इससे पहले वह 100 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इस तरह शुभम ने प्रतियोगिता में अब तक दो स्वर्ण और एक रजत सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए हैं। वहीं टाउन नेशनल इंटर कॉलेज, सैदपुर के अनिल बिंद ने 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया।

इससे पूर्व प्रतियोगिता के पहले और दूसरे दिन भी गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। बापू इंटर कॉलेज, सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक, डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज, यूसुफपुर मुहम्मदाबाद के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप में कांस्य पदक तथा नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज, रेवतीपुर की आरती यादव ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया था।

जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के एथलीट मैनेजर एवं कोच मुरलीधर राय, रुद्रपाल यादव, नेसार अहमद फैज, हिमांशु सिंह, दिव्यांशु सिंह, अखिलेश यादव, राजेश यादव और रामअवध राम के मार्गदर्शन में खिलाड़ी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शाह फैज स्कूल में धूमधाम से मनी सरदार पटेल की जयंती, रैली निकाल दिया ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश

शाह फैज पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनी सरदार पटेल की जयंती, एकता रैली निकाल विद्यार्थियों ने दिया ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश

महुआबाग से सुभाष नगर तक गूंजे राष्ट्रीय एकता के नारे, विद्यार्थियों ने लिया देश की अखंडता बनाए रखने का संकल्प

गाजीपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को शाह फैज पब्लिक स्कूल, गाजीपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के आदर्शों को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। वहीं, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को एकजुटता और आपसी सद्भाव का महत्व बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के कैप्टन स्वधा सिंह तथा वाइस कैप्टन अदिति कटियार एवं रवि प्रकाश दुबे ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के प्रेरणादायी जीवन, उनके संघर्ष, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने बताया कि किस प्रकार सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके उपरांत कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने हाथों में आकर्षक बैनर और पोस्टर लेकर जागरूकता रैली निकाली। विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली महुआबाग चौराहा होते हुए सुभाष नगर पहुंची और पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारों के साथ देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश बुलंद किया। सड़क पर विद्यार्थियों का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय एकता का अनुपम उदाहरण है। देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना देखने को मिली।

प्रादेशिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर का जलवा

प्रादेशिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर का जलवा, शुभम यादव ने जीता गोल्ड; तीन अन्य खिलाड़ियों ने भी बढ़ाया मान

बहरियाबाद। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से आयोजित 70वीं पांच दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का दूसरा दिन गाजीपुर जनपद के खिलाड़ियों के नाम रहा। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया। क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बहरियाबाद के शुभम यादव ने अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, बापू इंटर कॉलेज सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज यूसुफपुर मुहम्मदाबाद के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। इससे पूर्व प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार की देर शाम नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज रेवतीपुर की आरती यादव ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था। उल्लेखनीय है कि जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के खिलाड़ी एथलीट मैनेजर एवं कोच मुरलीधर राय, रुद्रपाल यादव, नेसार अहमद फैज, हिमांशु सिंह, दिव्यांशु सिंह, अखिलेश यादव, राजेश यादव एवं रामअवध राम की देखरेख में प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित प्रधानाचार्य दिनेश यादव, अंजनी सिंह, रामपलट यादव, तरुण, मनोज यादव, लालबहादुर, इंद्रजीत, संजीव, रीना पांडेय, उदय शर्मा, रामआशीष, गौरव सिंह, अखंड राय एवं सूर्यप्रकाश राय आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रादेशिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले गाजीपुर के खिलाड़ी अपने कोच के साथ।

धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय अखण्डता दिवस, बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी

गाजीपुर के विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय अखण्डता दिवस, बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विद्यालयों में हुए विविध आयोजन, राष्ट्रीय एकता और अखण्डता का लिया संकल्प

गाजीपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को जनपद के समस्त परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में राष्ट्रीय अखण्डता दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। उत्तर प्रदेश शासन के राष्ट्रीय एकीकरण अनुभाग के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने-अपने विद्यालयों के पोषक क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और भाईचारे के संदेश दिए। बच्चों ने प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को राष्ट्र की एकता और अखण्डता के प्रति जागरूक किया।

इसके बाद सुबह 9 बजे विद्यालयों में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर आधारित स्लोगन लेखन एवं संकलन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को सरदार पटेल के जीवन संघर्ष और देश की एकता के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान की जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका योगदान सदैव देश की भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय अखण्डता की शपथ दिलाई गई तथा देश की संप्रभुता, एकता और अखण्डता बनाए रखने का संकल्प कराया गया। जनपद के सभी विकास खण्डों में आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। पूरे जनपद में राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए राष्ट्रीय अखण्डता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

जिला जेल का डीएम और एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिला कारागार का डीएम और एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बैरकों, अस्पताल और रसोईघर की जांच; जेल में मोबाइल व प्रतिबंधित उपकरणों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिल रही सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरकों तथा रसोईघर का निरीक्षण किया। साथ ही जेल परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संचालन व्यवस्था की जांच की। कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से अधिकारियों ने उनकी बीमारियों, खान-पान एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई तथा एक-एक कर सभी बैरकों का निरीक्षण किया गया। बैरकों में बंदियों के कार्ड पर उनकी अगली पेशी की तिथि भी चेक की गई। रसोईघर के निरीक्षण के दौरान प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन के मेन्यू और भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को सख्त निर्देश दिया कि कारागार के अंदर किसी भी दशा में मोबाइल फोन एवं अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का प्रवेश न होने पाए। इसके लिए नियमित रोस्टर तैयार कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त पाकर खिले किसानों के चेहरे

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त पाकर खिले किसानों के चेहरे

गाजीपुर के 4.28 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 85.79 करोड़ रुपये

गाजीपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा स्थित भीलड़ी से योजना की 24वीं किस्त का हस्तांतरण किया। इस अवसर पर जनपद गाजीपुर के 4,28,978 किसानों के बैंक खातों में कुल 85 करोड़ 79 लाख 56 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। किस्त की धनराशि खाते में पहुंचने से किसानों के चेहरे खिल उठे।

जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अब तक कुल 1,999.56 करोड़ रुपये की धनराशि किसानों को वितरित की जा चुकी है। योजना के माध्यम से पात्र कृषक परिवारों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिवर्ष निर्धारित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। यह धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है।

कृषि विभाग की ओर से जनपद के सभी पात्र किसानों से अपील की गई है कि वे योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते, आधार एवं ई-केवाईसी से संबंधित विवरण अद्यतन रखें, ताकि आगामी किस्तों के भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बिरनो राजन सिंह एवं एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक द्वारा 72 किसानों को चना, मटर, मसूर एवं सरसों के निःशुल्क मिनीकिट का वितरण भी किया गया।