प्रादेशिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर का जलवा, शुभम यादव ने जीता गोल्ड; तीन अन्य खिलाड़ियों ने भी बढ़ाया मान
बहरियाबाद। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से आयोजित 70वीं पांच दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का दूसरा दिन गाजीपुर जनपद के खिलाड़ियों के नाम रहा। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया। क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बहरियाबाद के शुभम यादव ने अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, बापू इंटर कॉलेज सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज यूसुफपुर मुहम्मदाबाद के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। इससे पूर्व प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार की देर शाम नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज रेवतीपुर की आरती यादव ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था। उल्लेखनीय है कि जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के खिलाड़ी एथलीट मैनेजर एवं कोच मुरलीधर राय, रुद्रपाल यादव, नेसार अहमद फैज, हिमांशु सिंह, दिव्यांशु सिंह, अखिलेश यादव, राजेश यादव एवं रामअवध राम की देखरेख में प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित प्रधानाचार्य दिनेश यादव, अंजनी सिंह, रामपलट यादव, तरुण, मनोज यादव, लालबहादुर, इंद्रजीत, संजीव, रीना पांडेय, उदय शर्मा, रामआशीष, गौरव सिंह, अखंड राय एवं सूर्यप्रकाश राय आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रादेशिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले गाजीपुर के खिलाड़ी अपने कोच के साथ।