शाह फैज पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनी सरदार पटेल की जयंती, एकता रैली निकाल विद्यार्थियों ने दिया ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश
महुआबाग से सुभाष नगर तक गूंजे राष्ट्रीय एकता के नारे, विद्यार्थियों ने लिया देश की अखंडता बनाए रखने का संकल्प
गाजीपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को शाह फैज पब्लिक स्कूल, गाजीपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के आदर्शों को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। वहीं, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को एकजुटता और आपसी सद्भाव का महत्व बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के कैप्टन स्वधा सिंह तथा वाइस कैप्टन अदिति कटियार एवं रवि प्रकाश दुबे ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के प्रेरणादायी जीवन, उनके संघर्ष, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने बताया कि किस प्रकार सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके उपरांत कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने हाथों में आकर्षक बैनर और पोस्टर लेकर जागरूकता रैली निकाली। विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली महुआबाग चौराहा होते हुए सुभाष नगर पहुंची और पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारों के साथ देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश बुलंद किया। सड़क पर विद्यार्थियों का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय एकता का अनुपम उदाहरण है। देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना देखने को मिली।
