Category Archives: Sports

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल दिवस का आयोजन, छात्राओं ने दिखाया उत्साह

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में खेल दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. रामनाथ केसरवानी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल जगत के ऐसे सितारे थे, जिन्होंने देश को गौरवान्वित किया और हॉकी को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई। लगातार तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने औपनिवेशिक भारत को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई।

डॉ. शिवकुमार ने मेजर ध्यानचंद के जीवन के प्रेरणादायी प्रसंगों को छात्राओं के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बचपन में मेजर ध्यानचंद की खेलों में विशेष रुचि नहीं थी, लेकिन सतत अभ्यास, लगन और अनुशासन के बल पर उन्होंने खेल जगत में अद्वितीय प्रतिमान स्थापित किया। सेना में नौकरी के दौरान भी वह रात में समय निकालकर हॉकी का अभ्यास करते थे। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन यह संदेश देता है कि निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प से असंभव लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। खेल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक, संज्ञानात्मक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल आत्मनियंत्रण, अनुशासन और धैर्य की भावना विकसित करता है। विद्यार्थियों को अपने टाइम टेबल में पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के साथ खेल के लिए भी पर्याप्त समय निर्धारित करना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने कहा कि मेजर ध्यानचंद को उनके जीवनकाल में वह सम्मान और पुरस्कार नहीं मिला, जिसके वे वास्तविक हकदार थे। हालांकि, यह गौरव की बात है कि उनके नाम पर प्रत्येक वर्ष मेजर ध्यानचंद पुरस्कार प्रदान किया जाता है।

उन्होंने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि झांसी में रहने के दौरान उन्हें मेजर ध्यानचंद के परिवार के लोगों से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि महानता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी मेजर ध्यानचंद अहंकार से दूर और पूरी तरह जमीन से जुड़े रहे। अपनी उदारता के कारण वे झांसी में ‘दद्दा’ के नाम से लोकप्रिय थे। गली-मोहल्लों में आयोजित होने वाले खेल आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए वे सहर्ष अपनी अनुमति दिया करते थे।

डॉ. प्रसाद ने कहा कि खेल मनुष्य को अनुशासित, धैर्यवान और आत्मविश्वासी बनाता है, जिसका जीवंत उदाहरण मेजर ध्यानचंद की जीवन यात्रा है। कार्यक्रम के दौरान खेल विभाग की छात्राओं ने समूह प्रदर्शन के माध्यम से योग मुद्राओं के विभिन्न रूपों की मनोहारी एवं आकर्षक प्रस्तुति दी। वैचारिक सत्र का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. निरंजन कुमार यादव ने किया। द्वितीय सत्र में कैरम, शतरंज सहित विभिन्न इनडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

एनसीसी प्रथम वर्ष कैडेट्स के चयन में 47 छात्राएं सफल

एनसीसी प्रथम वर्ष कैडेट्स के चयन में 47 छात्राएं सफल

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महुआबाग में 28 यू.पी. गर्ल्स बटालियन, वाराणसी के तत्वावधान में एनसीसी प्रथम वर्ष की कैडेट्स के चयन के लिए शुक्रवार को शारीरिक परीक्षण परीक्षा आयोजित की गई। निर्धारित 41 रिक्त सीटों के सापेक्ष कुल 120 छात्राओं ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया।

चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में 47 छात्राओं को एनसीसी में प्रवेश के लिए सफल घोषित किया गया। इनमें 37 छात्राओं को प्रथम चयन सूची में, जबकि 10 छात्राओं को प्रतीक्षा सूची में स्थान दिया गया है। इससे पहले चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में कुल 75 छात्राओं का चयन किया गया था। महाविद्यालय में ‘बी’ सर्टिफिकेट परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रवेश लेने वाली सात कैडेट्स में से तीन का ‘सी’ सर्टिफिकेट प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया।

चयन परीक्षा 28 यू.पी. गर्ल्स बटालियन, वाराणसी की सूबेदार मेजर गुरुंग, पीआई स्टाफ तथा महाविद्यालय की एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. शशिकला जायसवाल के नेतृत्व एवं निर्देशन में संपन्न हुई। चयन के दौरान छात्राओं की शारीरिक क्षमता का आकलन करने के लिए दौड़, पुश-अप और सिट-अप जैसी गतिविधियां कराई गईं। साथ ही अनुशासन और एनसीसी प्रशिक्षण के लिए उनकी उपयुक्तता का भी परीक्षण किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने चयनित छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यक्तित्व और भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया। प्राचार्य ने उम्मीद जताई कि चयनित कैडेट्स एनसीसी के गौरव और महाविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।

5 किमी तिरंगा दौड़ में आदित्य और अंकिता ने हासिल किया प्रथम स्थान

5 किमी तिरंगा दौड़ में आदित्य यादव और अंकिता विश्वकर्मा ने हासिल किया प्रथम स्थान

गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय, गाजीपुर द्वारा 15 अगस्त को महिला एवं पुरुष वर्ग की 5 किलोमीटर क्रास कंट्री रेस (तिरंगा दौड़) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे नेहरू स्टेडियम, गोरा बाजार से हुआ। उप जिलाधिकारी सदर गाजीपुर विनोद कुमार जोशी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। प्रतिभागियों ने पीजी कॉलेज चौराहा, आदर्श बौद्ध इंटर कॉलेज होते हुए चमड़ा गोदाम तक दौड़ लगाई और पुनः उसी मार्ग से लौटकर नेहरू स्टेडियम गेट पर दौड़ पूरी की। प्रतियोगिता में 93 बालकों और 55 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार एवं क्रीड़ाधिकारी गाजीपुर देवी प्रसाद ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बालक वर्ग के परिणाम:
प्रथम—आदित्य यादव, द्वितीय—अन्ना यादव, तृतीय—अजीत यादव, चतुर्थ—बादल गुप्ता, पंचम—आकाश यादव तथा षष्ठम—अजय कुमार बिंद।

बालिका वर्ग के परिणाम:
प्रथम—अंकिता विश्वकर्मा, द्वितीय—प्रीति, तृतीय—दुर्गावती कुमारी, चतुर्थ—अनन्या सिंह, पंचम—कल्पना बिंद तथा षष्ठम—निक्की।

प्रतियोगिता के निर्णायक एवं आयोजन में सहयोग करने वालों में खेलो इंडिया एथलेटिक्स कोच विजय, राधेश्याम सिंह यादव, प्रेमचंद यादव, बृजेश कुमार, प्रदीप राय, योगेंद्र सिंह, अंजनी वर्मा एवं नागेंद्र यादव शामिल रहे।

इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव सुदामा राम एवं मो. मोईन, जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, ग्यासुदीन अहमद, योगेंद्र कुमार, इंज़मामुल हक, जैनेन्द्र कुमार, रामदेव सिंह, श्रीमती श्यामा देवी सहित खेल विभाग के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में क्रीड़ाधिकारी गाजीपुर ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बॉक्सिंग चैंपियनशिप में चमकीं शाह फ़ैज़ की बेटियाँ, राज्य स्तर पर दिखाएँगी दम

“मंडल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में चमकीं शाह फ़ैज़ की बेटियाँ, राज्य स्तर पर दिखाएँगी दम”

गाज़ीपुर। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, गाज़ीपुर की तीन प्रतिभाशाली छात्राओं ने मंडल बॉक्सिंग चैंपियनशिप, वाराणसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। यह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है।

दिनांक 03 अगस्त 2026 को आयोजित मंडल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में विद्यालय की छात्राएँ अंजलि यादव, दीक्षा उपाध्याय एवं विशाखा यादव ने अपने-अपने भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन प्राप्त किया। राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 09 अगस्त 2026 से 13 अगस्त 2026 तक डॉ. सम्पूर्णानंद स्टेडियम, सिगरा, वाराणसी में किया जाएगा।

इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय के बॉक्सिंग कोच देवेंद्र प्रसाद प्रजापति के कुशल मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विद्यालय परिवार ने उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की।विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप-प्रधानाचार्य हनीफ़ सिद्दीकी एवं समन्वयक अंजलि श्रीवास्तव ने चयनित खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

शाह फ़ैज़ के खिलाड़ियों का स्वर्णिम प्रदर्शन, विद्यालय मे मिला सम्मान

थाईबॉक्सिंग चैंपियनशिप में शाह फ़ैज़ के खिलाड़ियों का स्वर्णिम प्रदर्शन, विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह

गाज़ीपुर। राबर्ट्सगंज, सोनभद्र में आयोजित 4वीं उत्तर प्रदेश थाईबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, गाज़ीपुर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 10 स्वर्ण, 1 रजत एवं 3 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों में शिल्पा यादव, अनुशा यादव, विशाखा यादव, साक्षी कुमारी, निलेश राय, कुशाग्र कटियार, अंशुमन तिवारी, नैवेद्य आनंद, कृति कौर एवं अंशिका राय शामिल रहे।

रजत पदक दीक्षा उपाध्याय ने प्राप्त किया।

कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों में आशीष खरवार, अमिति यादव एवं अनन्या राय शामिल रहीं।

इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय टीम के कोच देवेंद्र प्रसाद प्रजापति एवं टीम मैनेजर परवीन सुल्ताना के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण को भी जाता है, जिनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में शानदार सफलता के उपरांत विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी, निदेशिका डॉ. मीना अधमी, प्रधानाचार्य श्री इकरामुल हक, उपप्रधानाचार्य श्री हनीफ सिद्दीकी एवं समन्वयक अंजली श्रीवास्तव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों, कोच एवं टीम प्रबंधन को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में और अधिक सफलताओं की कामना की।

हिंदुस्तान ओलंपियाड और बॉक्सिंग में शाह फ़ैज़ स्कूल का परचम

हिंदुस्तान ओलंपियाड और बॉक्सिंग में शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल का परचम।

15 विद्यार्थियों ने टॉप-100 में बनाई जगह, एलिजा आफरीन को गोल्ड मेडल व ₹2100 का पुरस्कार; कुशाग्र कटियार राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए चयनित।

गाज़ीपुर। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। हिंदुस्तान ओलंपियाड परीक्षा में विद्यालय के लगभग 200 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था, जिनमें से 15 विद्यार्थियों ने टॉप-100 में स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

इस उपलब्धि में कक्षा 7 की छात्रा एलिजा आफरीन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया। उन्हें ₹2100 की नगद पुरस्कार राशि से भी सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सफल विद्यार्थियों को विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी द्वारा मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वहीं, वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में आयोजित मंडल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र कुशाग्र कटिया ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन आगामी राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता, चित्रकूट के लिए किया गया है।

प्रतियोगिता में विद्यालय के अन्य खिलाड़ियों अंश शर्मा एवं अयान खान ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उप-प्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव सहित शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राष्ट्रीय स्तर पर चमके शाह फैज़ स्कूल के खिलाड़ी, विश्व चैंपियनशिप के लिए चयन

राष्ट्रीय स्तर पर चमके शाह फैज़ पब्लिक स्कूल ,गाजीपुर के खिलाड़ी, तीन का विश्व चैंपियनशिप के लिए चयन

गाजीपुर। शाह फैज़ पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जूनियर एवं सब-जूनियर राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है।

30 मई से 3 जून 2026 तक ओडिशा में आयोजित जूनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में शिल्पा यादव ने स्वर्ण पदक, अयान खान ने रजत पदक तथा विशाखा यादव, शिवांश विश्वकर्मा एवं मोहम्मद अदनान ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं अनुषा यादव एवं अर्पिता कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पाँचवाँ स्थान हासिल किया।

इसके अतिरिक्त 17 जून से 21 जून 2026 तक इंदौर पब्लिक स्कूल, इंदौर में आयोजित सब-जूनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कृति कौर ने एक रजत एवं एक कांस्य पदक तथा अंशिका राय ने दो कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं आशीष खरवार, साक्षी कुमारी एवं रिद्धि गुप्ता ने प्रतियोगिता में पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक तथा उप-प्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी द्वारा पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कोच एवं राष्ट्रीय रेफरी देवेंद्र प्रसाद प्रजापति की विशेष सराहना की गई, जिनके कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता अर्जित की।

विद्यालय के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के तीन खिलाड़ियों का चयन इटली में आयोजित होने वाली WAKO वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत एवं विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।

वैषणव वर्धन सिंह का हुआ नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में सलेक्शन

नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में अपना जलवा दिखाएगा गाजीपुर का लाल

सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए काशिमाबाद के वैषणव वर्धन सिंह का सेलेक्शन

गाजीपुर। बेंगलुरू में आयोजित होने वाले वाले 26 वें सब-जूनियर नेशनल पैरास्विमिंग चैंपियनशिप में गाजीपुर के लाल वैष्णव वर्धन सिंह का जलवा देखने को मिलेगा। शारीरिक कमजोरियों के बावजूद अपने हौसलें और काबिलियत से प्रदेश स्तर पर कई बार नाम कमा चुके वैष्णव अब राष्ट्रीय फलक पर अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं। कई राउंड के शानदार ट्रायल के बाद वैष्णव का सेलेक्शन इस प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

आपको बता दें कि वैष्णव कासिमाबाद के अंतर्गत मिर्जापुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता अशोक कुमार सिंह सेना में कर्नल की जिम्मेदारी निभाते हुए भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में तैनात हैं। इससे पहले वे विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट डीविजन के निदेशक भी रह चुके हैं। वे दिल्ली में परिवार के साथ रहते हैं। जहां वैष्णव राजधानी के नामी संस्कृति स्कूल में कक्षा 6 के छात्र हैं। वैष्णव को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में खासी दिलचस्पी है। इसी का परिणाम है कि वैष्णव को स्वीमिंग के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए कई बार खिताब प्राप्त हुआ है।

नेशनल चैंपियनशिप में सेलेक्शन के बाद वैष्णव के परिवार में खुशी की लहर है। वैष्णव के करियर में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उनकी माता श्रुतिकिर्ती सिंह ने वैष्णव की सफलता का श्रेय खुद उनके मेहनत, हौसले और अनुशासन को दिया है। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि श्रुतिकिर्ती सिंह राजधानी दिल्ली में दिव्यांग बच्चों को लिए फाउंडेशन चलाने के साथ-साथ तमाम सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रहती है। साथ ही वैष्णव की इस शानदार उपलब्धि में उनकी बहन वैष्णवी का भी बड़ा योगदान रहा है। इंटरमीडियट में पढ़ने वाली वैष्णवी अपने भाई के मनोबल को बढ़ाने के लिए लगातार उसे प्रेरित करती रहती हैं। उनका हौसला बढ़ाने के लिए हर प्रतियोगिता में उनके साथ जाया करती हैं।

वैष्णव की इस उपलब्धि पर वैष्णव के कोच ने कहा कि ये सफलता तो सिर्फ वैष्णव के करियर की शुरूआत है। वैष्णव को अभी बहुत आगे जाना है। उन्होनें वैष्णव के साथ-साथ सभी सेलेक्टेड खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ताइक्वांडो में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन,मिला जिले को दूसरा स्थान

ताइक्वांडो में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

28 पदक के बाद राज्य में मिला जिले को दूसरा स्थान

शानदार प्रदर्शन के बाद मेडल प्राप्त करते खिलाड़ी

गाजीपुर। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए वंश ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर 28 पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों ने 17 स्वर्ण, आठ रजत और तीन कांस्य पदक जीत कर जिले का गौरव बढ़ाया। डिस्ट्रिक्ट गाजीपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव विपिन सिंह यादव ने बताया कि सब जूनियर बालिका वर्ग में कात्यायनी सिंह, अदरिजा शुक्ला, उपान्या ने स्वर्ण, सब जूनियर बालक वर्ग में ईनेश चंद्र गुप्ता, अभी यादव, बजरंगी राय, अथर्व सिंह यादव ने स्वर्ण, कैडेट बालिका वर्ग में रितिका गिरी व कैडेट बालक वर्ग में शिवम पासवान, स्वरित गुप्ता, प्रिंस कुमार यादव, अनमोल सिंह ने स्वर्ण पदक जीते. वहीं रजत पदक जितने वाले बालिका वर्ग में आशिका यादव, आयरा गिरी व बालक वर्ग में रिवांश गर्ग, अनूप चौरसिया, आरव अश्वनी भारद्वाज हैं।


आराध्या ठाकुर, रागिनी कुमारी और विशाल मौर्य ने जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।  सीनियर वर्ग में राज बिंद स्वर्ण व आनंद राज यादव ने रजत पर कब्जा जमाया. वहीं कास्य पदक जीतने वालों में जितेंद्र यादव, अभय प्रताप वर्मा व स्वास्तिक गुप्ता हैं. खिलाड़ियों की कोच दीपक वर्मा रहे। जबकि निर्णायक की भूमिका में सत्यदेव पांडे, उजाला गुप्ता व पूजा तिवारी रही। संघ के अध्यक्ष अलाउद्दीन अंसारी व उपाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। कहा कि खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन से इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है।

किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में शाह फ़ैज़ स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

जिला स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल गाजीपुर के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

गाजीपुर। तृतीय जिला स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026 में शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 14 अप्रैल 2026 को नोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दिलदारनगर में सम्पन्न हुई।

प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 15 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें सभी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किए। गोल्ड मेडल जीतने वाले छात्रों में आयान, शिवांश, आशीष खरवार, एमडी.अदनान, अनुषा यादव, कृति कौर, अंजलि, अमिटी, साक्षी, अंशिका, विशाखा, प्रज्ञा, रिद्धि और अर्पिता शामिल रहे।


पूरी प्रतियोगिता में शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है।
इस उपलब्धि के पीछे टीम के कोच देवेंद्र प्रसाद प्रजापति का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ तैयार किया।

विद्यालय के निदेशक नदीम अधमी, निदेशिका मीना अधमी, प्रधानाचार्य इकराम उल हक, उप प्रधानाचार्य हनीफ सिद्दीकी ने सभी विजेता छात्रों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


इस कार्यक्रम में संचालन की भूमिका समन्वयक अंजलि श्रीवास्तव ने निभाया।