गाजीपुर में फुटबॉल के 10 खिलाड़ियों का चयन, जूनियर बास्केटबॉल टीम के ट्रायल आज
फुटबॉल खिलाड़ियों ने नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में दिखाया दमखम, बास्केटबॉल खिलाड़ियों को 16 अक्टूबर को मिलेगा चयन का मौका
गाजीपुर। प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में जनपद के खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला खेल कार्यालय की ओर से चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोराबाजार में प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें 45 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 30 अक्टूबर 2026 तक वाराणसी में होना है। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी 18 अक्टूबर को प्रातः नौ बजे डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में आयोजित वाराणसी मंडल के चयन में प्रतिभाग करेंगे। चयन एवं ट्रायल के दौरान फुटबॉल कोच श्रीमती संगीता यादव, जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव मो. मोईन, संघ में कार्यरत इंतजार शेख, राष्ट्रीय खिलाड़ी मो. अजीम तथा क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद उपस्थित रहे। सभी की देखरेख एवं मार्गदर्शन में चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
जूनियर बास्केटबॉल खिलाड़ियों के ट्रायल 16 अक्टूबर को
प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार, गाजीपुर में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता 28 से 31 अक्टूबर तक जनपद अलीगढ़ में प्रस्तावित है। इच्छुक खिलाड़ी 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक अपनी प्रविष्टि दे सकते हैं। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को 18 अक्टूबर को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में वाराणसी मंडल के चयन में प्रतिभाग करना होगा।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। प्रतियोगिता में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। जूनियर बालक बास्केटबॉल वर्ग में भाग लेने के लिए खिलाड़ी की जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 या उसके बाद की होनी चाहिए। जिला खेल कार्यालय ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।