शुभम यादव ने मेडल की हैट्रिक लगाकर बढ़ाया गाजीपुर का मान, चौथे दिन एथलीटों ने जीते तीन पदक
बहरियाबाद। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 70वीं पांच दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के चौथे दिन सोमवार को जनपद के एथलीटों ने एक स्वर्ण सहित तीन पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।

वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बहरियाबाद के होनहार खिलाड़ी शुभम यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की हैट्रिक पूरी की। शुभम ने अंडर-19 बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक तथा 4×100 मीटर रिले रेस में रजत पदक हासिल किया। इससे पहले वह 100 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इस तरह शुभम ने प्रतियोगिता में अब तक दो स्वर्ण और एक रजत सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए हैं। वहीं टाउन नेशनल इंटर कॉलेज, सैदपुर के अनिल बिंद ने 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता के पहले और दूसरे दिन भी गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। बापू इंटर कॉलेज, सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक, डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज, यूसुफपुर मुहम्मदाबाद के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप में कांस्य पदक तथा नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज, रेवतीपुर की आरती यादव ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया था।
जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के एथलीट मैनेजर एवं कोच मुरलीधर राय, रुद्रपाल यादव, नेसार अहमद फैज, हिमांशु सिंह, दिव्यांशु सिंह, अखिलेश यादव, राजेश यादव और रामअवध राम के मार्गदर्शन में खिलाड़ी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।