खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, मिलावटी मिठाई नष्ट; 15 नमूने लेकर मचा हड़कंप

दीपावली से पहले गाजीपुर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 49 किलो मिलावटी मिठाई नष्ट; 15 नमूने लेकर मचा हड़कंप


गाजीपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जिले के विभिन्न बाजारों में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 49 किलोग्राम खोया, छेना मिठाई, रसगुल्ला एवं गुलाब जामुन को मौके पर ही नष्ट कराया गया। नष्ट कराई गई मिठाइयों की अनुमानित कीमत 13,900 रुपये बताई गई है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और सहायक आयुक्त खाद्य आरसी पाण्डेय के निर्देश में यह अभियान चलाया गया।

खाद्य विभाग की टीम ने 1 नवंबर को कासिमाबाद क्षेत्र के सुकहा सोनबरसा स्थित रसप्रिया स्वीट्स से नारियल लड्डू एवं गोंद लड्डू के नमूने लिए। यहां सात किलोग्राम संदूषित खोया नष्ट कराया गया। सलामतपुर स्थित मंगल मूर्ति मिष्ठान भंडार से 10 किलोग्राम संदूषित छेना मिठाई नष्ट कराई गई। इसके अलावा जखनिया बाजार के यादव स्वीट्स हाउस से बर्फी, सादात रेलवे स्टेशन के पास से छेना मिठाई, बंशीबाजार स्थित श्री स्वीट्स हाउस एंड बेकर्स से बूंदी लड्डू एवं कलाकंद तथा भटौली बाजार स्थित शिवपूजन बाबा स्वीट्स हाउस से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। इसी क्रम में 2 नवंबर को कठवामोड़ मुहम्मदाबाद स्थित जायसवाल स्वीट हाउस से बर्फी, गोराबाजार के मौर्या मिष्ठान से बूंदी लड्डू, जमानिया रेलवे स्टेशन से बूंदी लड्डू, खानपुर के प्रीति मिष्ठान भंडार से बर्फी, मौधा के विराट मिष्ठान भंडार से छेना मिठाई, सिखड़ी बाजार के गोपाल स्वीट हाउस से बर्फी, दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन स्थित कन्हैया स्वीट हाउस से छेना मिठाई तथा यादव मोड़ जंगीपुर से छेना मिठाई का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं मरदह क्षेत्र के परसेरवा चट्टी स्थित कृष्णा पनीर मिष्ठान भंडार से 20 किलोग्राम संदूषित रसगुल्ला एवं 12 किलोग्राम गुलाब जामुन नष्ट कराया गया। इनकी अनुमानित कीमत 9,600 रुपये बताई गई।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गुलाबचंद गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ की टीम ने की।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.