गांधी जयंती पर 5 किमी क्रॉसकंट्री रेस में प्रदुम्मन यादव और अंकिता विश्वकर्मा ने मारी बाजी
गाजीपुर। गांधी जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल कार्यालय गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को महिला एवं पुरुष वर्ग की 5 किमी क्रॉसकंट्री रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार से हुआ। दौड़ पीजी कॉलेज चौराहा, आदर्श बौद्ध इंटर कॉलेज होते हुए चमड़ा गोदाम तक पहुंची और फिर उसी मार्ग से वापस लौटकर नेहरू स्टेडियम के मुख्य गेट पर समाप्त हुई। प्रतियोगिता में कुल 105 बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपजिलाधिकारी सदर विनोद कुमार जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया।बालक वर्ग में प्रदुम्मन यादव ने प्रथम, अन्ना यादव ने द्वितीय, मोनू यादव ने तृतीय, बृजेश बिन्द ने चतुर्थ, राम सिंह ने पंचम तथा अभिनन्दन यादव ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में अंकिता विश्वकर्मा प्रथम, अनन्या सिंह द्वितीय, निक्की तृतीय, रागिनी चतुर्थ, वंशिका यादव पंचम तथा वंदना गुप्ता षष्ठम स्थान पर रहीं। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका खेलो इंडिया एथलेटिक्स कोच विजय, नागेंद्र यादव एवं जुगनू वारिस ने निभाई। इस अवसर पर योगेंद्र यादव, राधेश्याम सिंह यादव, प्रेमचंद यादव, बृजेश कुमार, प्रदीप राय, योगेंद्र सिंह, मु. मोईन, चंदन यादव, संगीता यादव, अंजनी वर्मा, जैनेन्द्र कुमार सहित खेल कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया।