गोराबाजार पार्क में चला स्वच्छता अभियान, बैंक अधिकारियों ने किया श्रमदान

गोराबाजार पार्क में चला स्वच्छता अभियान, बैंक अधिकारियों ने किया श्रमदान

गाजीपुर। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय गाजीपुर (पूर्व) की ओर से गोराबाजार पार्क में स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पार्क परिसर की साफ-सफाई की। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश रमन, क्षेत्रीय आश्वासन प्रमुख दीपक कुमार झा एवं अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार ने किया। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश रमन ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। महात्मा गांधी के स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के विचारों को आत्मसात करते हुए सभी को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वच्छता के साथ सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.