गांधी-शास्त्री जयंती पर शाह फैज स्कूल में चला विशेष स्वच्छता अभियान
विद्यार्थियों ने भजनों और स्वच्छता अभियान के जरिए दिया सत्य, अहिंसा व स्वच्छता का संदेश

गाजीपुर। स्वच्छ भारत-स्वच्छ विद्यालय अभियान के अंतर्गत शाह फैज पब्लिक स्कूल, गाजीपुर में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्री-प्राइमरी, प्राइमरी एवं सीनियर विंग में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। सीनियर विंग में कक्षा छह के छात्र प्रखर त्रिपाठी एवं आयांश श्रीवास्तव ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। विद्यार्थियों ने “वैष्णव जन तो तेने कहिए” और “रघुपति राघव राजा राम” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर विद्यालय परिसर में श्रद्धा एवं प्रेरणा का वातावरण बना दिया।

सीनियर विंग में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने कहा कि एक आदर्श शिक्षक अपने आचरण और व्यवहार से विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने शिक्षकों से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सादगी एवं स्वच्छता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा विद्यार्थियों को भी इन मूल्यों के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।

प्राइमरी ब्लॉक में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय की निदेशिका डॉ. मीना अधमी ने कहा कि सत्य, अहिंसा, अनुशासन और स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर ही बेहतर समाज और राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को छोटे-छोटे सकारात्मक कार्यों के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी, निदेशिका डॉ. मीना अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उप-प्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराया।


