सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘विकसित भारत की कल्पना’ पर प्रतियोगिताएं
चित्रकला, सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘विकसित भारत की कल्पना’ थीम पर जनपद स्तरीय चित्रकला, सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत की उपस्थिति में हुआ।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि ने परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों की उपस्थिति में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विभिन्न विभागों एवं विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक सोच और प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के विकास, राष्ट्र निर्माण, नवाचार एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, संबंधित विभागों के अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।