गांधी-शास्त्री जयंती पर न्यायालय परिसर में संगोष्ठी, पॉक्सो कानून को लेकर निकली जागरूकता प्रभात फेरी
गाजीपुर। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जनपद न्यायालय के दसकक्षीय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः आठ बजे जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों एवं इसके कानूनी परिणामों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में आदर्श इंटर कॉलेज महुआबाग के छात्र-छात्राओं, अधिवक्ताओं एवं पराविधिक स्वयंसेवकों की प्रभात फेरी को जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश यादव ने न्यायालय के गेट नंबर-1 से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, पराविधिक स्वयंसेवकों एवं सुरक्षाकर्मियों को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग को अपनाकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी और विभिन्न आंदोलनों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी शक्ति सिंह ने कहा कि देश की आजादी में महात्मा गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने समाज को स्वच्छता, सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया, जिसमें समाज एवं देश की प्रगति निहित है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड ने गांधी एवं शास्त्री के जीवन और योगदान को याद करते हुए लोगों से उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने जनहित में दोनों महापुरुषों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी भी दी। सिविल बार एसोसिएशन, गाजीपुर के पदाधिकारियों राजेंद्र विक्रम सिंह, अंजनी कुमार ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्ताओं तथा शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संजय हरी शुक्ला, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, शैलोज चंद्र, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय, अभिमन्यु सिंह, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी पीए एक्ट, सुश्री श्वेता वर्मा, एडीजे कक्ष संख्या-03, संजय के लाल, स्पेशल जज ईसी एक्ट, विजय कुमार चतुर्थ, एडीजे/त्वरित न्यायालय कक्ष संख्या-01, अमित कुमार द्वितीय, सिविल जज (सीडि.) सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, कर्मचारी एवं सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे। अंत में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड ने सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।