शाहफैज स्कूल की शिल्पा यादव ने जीता कांस्य, बढ़ाया जिले का मान

राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शिल्पा यादव ने जीता कांस्य, गाजीपुर का बढ़ाया मान

शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल के चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में किया प्रतिभाग, सम्मान समारोह में मेडल और प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित

गाजीपुर। सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल की छात्रा शिल्पा यादव ने कांस्य पदक जीतकर जिले और विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा के कैथल स्थित आरकेडी पब्लिक स्कूल में 15 से 20 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय के चार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिल्पा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में शिल्पा यादव के साथ नेवेद्या आनंद, अर्पिता कुमारी और अंजली यादव ने भी हिस्सा लिया। इन चारों खिलाड़ियों का चयन प्रतापगढ़ में 15 से 18 अगस्त 2026 तक आयोजित सीबीएसई क्लस्टर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। राष्ट्रीय मंच पर शिल्पा ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी मेहनत, लगन और खेल कौशल का परिचय दिया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी और समन्वयक अंजली श्रीवास्तव ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बॉक्सिंग कोच देवेंद्र प्रजापति, टीम मैनेजर परवीन सुल्ताना सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने शिल्पा यादव की इस सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी आने वाले समय में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गाजीपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.