जिला जेल का डीएम और एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिला कारागार का डीएम और एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बैरकों, अस्पताल और रसोईघर की जांच; जेल में मोबाइल व प्रतिबंधित उपकरणों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिल रही सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरकों तथा रसोईघर का निरीक्षण किया। साथ ही जेल परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संचालन व्यवस्था की जांच की। कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से अधिकारियों ने उनकी बीमारियों, खान-पान एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई तथा एक-एक कर सभी बैरकों का निरीक्षण किया गया। बैरकों में बंदियों के कार्ड पर उनकी अगली पेशी की तिथि भी चेक की गई। रसोईघर के निरीक्षण के दौरान प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन के मेन्यू और भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को सख्त निर्देश दिया कि कारागार के अंदर किसी भी दशा में मोबाइल फोन एवं अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का प्रवेश न होने पाए। इसके लिए नियमित रोस्टर तैयार कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.