उद्यमियों की समस्याओं पर DM अनुपम शुक्ला सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु की बैठक सम्पन्न,उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश


गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राइफल क्लब सभागार में जिला उद्योग बन्धु की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निस्तारण, औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, नाला एवं जल निकासी, ग्रामीण सड़कों के निर्माण, भूमि पैमाइश तथा विद्युत बिल एवं स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रजदेपुर, अंधऊ बाईपास एवं दुबे मोड़ क्षेत्र की सड़क तथा जलभराव की समस्याओं के समाधान और लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में धान क्रय केंद्रों एवं राइस मिलों की सम्बद्धता, बैंक गारंटी के सत्यापन तथा विद्युत आपूर्ति संबंधी प्रकरणों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही राइस मिलों में मशीनों की कैपेसिटी, विद्युत लोड, क्रय केंद्रों से लिंक्ड इत्यादि के संदर्भ में जानकारी देने के भी निर्देश दिए। साथ ही औद्योगिक भूखंड पर परियोजना परिवर्तन की अनुमति एवं एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) योजना में वस्त्रोद्योग को सम्मिलित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों एवं निवेशकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए जनपद में औद्योगिक विकास एवं निवेश को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।