सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रही भाजपा:डा. संगीता बलवंत
भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पुष्पांजलि एवं विचार गोष्ठी आयोजित

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय छावनी लाइन पर शनिवार को लौहपुरुष, अखण्ड भारत के शिल्पी एवं राष्ट्र की एकता-अखंडता के अप्रतिम संवाहक सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रनिष्ठ भाव के साथ मनाई गई। पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र चौहान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात विचार गोष्ठी के माध्यम से उनके अद्वितीय व्यक्तित्व, राष्ट्रसमर्पित कृतित्व एवं प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता एवं दृढ़ राष्ट्रनिष्ठा के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखण्ड भारत की सुदृढ़ आधारशिला रखी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विराट व्यक्तित्व एवं राष्ट्रनिर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को चिरस्थायी सम्मान प्रदान करने के लिए भाजपा सरकार के प्रयासों से गुजरात में उनकी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थापित की गई। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की 140 करोड़ जनता के विश्वास एवं आकांक्षाओं को साथ लेकर भारत अंत्योदय से राष्ट्रोदय की संकल्पना को साकार करते हुए विकासशील राष्ट्र से विकसित भारत बनने की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर है।
क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर ने कहा कि सरदार पटेल का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना से अनुप्राणित रहा। उन्होंने अपने अद्वितीय संगठन कौशल, कठोर निर्णय क्षमता एवं लौह संकल्प से देश की एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणापुंज है।
रामनरेश कुशवाहा ने कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके आदर्शों एवं विचारों का अनुसरण कर ही सशक्त, समरस एवं आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा सकता है।
विरेन्द्र चौहान जिला अध्यक्ष भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व साहस, संघर्ष, त्याग एवं राष्ट्रसमर्पण का अप्रतिम प्रतीक है। उनकी जयंती हमें सामाजिक एकता, राष्ट्रीय अखण्डता तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लेने की प्रेरणा प्रदान करती है।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन जिला महामंत्री अवधेश राजभर ने किया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
विचार गोष्ठी में डॉ. शोभनाथ यादव, विष्णु प्रताप सिंह, अवधेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, सुमन बिंद, सुनील सिंह, मनोज राय, लालसा राजभर, रंजू शर्मा, बुच्ची बिंद, गोदावरी राजभर, विभा पाल, मनोज यादव, योगेंद्र शर्मा, अमरनाथ शर्मा, गर्वजीत सिंह, शनि चौरसिया, राजेश कुशवाहा, शिवशंकर गुप्ता, प्रमोद कुमार राय, मनोज कुशवाहा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन विशाल चौरसिया ने किया।