यूपी गर्ल्स बटालियन ने निकाला तिरंगा यात्रा

गाजीपुर। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत एन. सी. सी. 28 यूपी गर्ल्स बटालियन बीएचयू की यूनिट राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हर्षोल्लास के साथ तिरंगा यात्रा शुरू हुई। महाविद्यालय प्राचार्य ने शनिवार को रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्यालय प्रांगण में तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए प्रोफेसर डॉ सविता भारद्वाज ने कहा कि 15 अगस्त को भारत अपनी आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। यह आजादी असंख्य देश प्रेमियों के बलिदान के बाद हमें प्राप्त हुई थी। यह आजादी सभी देशवासियों के लिए बहुमूल्य है।

इस अवसर पर हम सभी लोगों को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सभी भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पहचान को कायम रखेंगे तथा भारत की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। रैली का नेतृत्व एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ शशि कला जायसवाल ने किया। रैली में कुल 60 एनसीसी कैडेट ने प्रतिभाग किया। ‌ रैली महाविद्यालय प्रांगण से निकलकर ददरी घाट, गांधी पार्क, मिश्र बाजार, महुआबाग आदि स्थानों से गुजरी तथा लोगों को देश प्रेम, बंधुत्व एवं सौहार्द का संदेश दिया। आमघाट कॉलोनी स्थित गांधी पार्क में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। जहां छात्राओं ने शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.