गाजीपुर। नेहरू युवा केंद्र, युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिला युवा अधिकारी कपिल देव राम के नेतृत्व में शनिवार को हर घर तिरंगा अभियान, युवा क्लब विकास, स्वच्छता अभियान आदि का कार्यक्रम पूरे जनपद में चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्राथमिक विद्यालय शकरताली से तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें प्राथमिक विद्यालय के बच्चे, अध्यापक गण एवं ग्रामवासी शामिल हुए। इस अवसर पर एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया तथा बताया कि यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार, जिला सूचना अधिकारी राकेश प्रजापति, राधेश्याम यादव आशु लेखक ,नेहरू युवा केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद सहित ग्रामवासी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का संचालन भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा ने किया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक खुशबू वर्मा ने आभार व्यक्त किया। इसी क्रम मे नेहरू युवा मंडल द्वारा सुसुंडी में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के समापन अवसर पर संस्कृति मंत्रालय द्वारा नामित कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय राजभर ने की। युवा केंद्र के एनवाईवी चंदन पटेल ने आभार व्यक्त किया।