आदर्श आचार संहिता लागू होते ही एक्शन मोड में आया जिला प्रशासन
डीएम और एसपी ने भारी फोर्स के साथ किया नगर भ्रमण
पोस्टर बैनर के साथ उतरा वाहनों पर लगा फिल्म


गाजीपुर। लोक सभा चुनाव को देखते हुए आदर्श आचार संहिता लागू होते ही शनिवार को डीएम आर्यका अखौरी व एसपी ओमवीर सिंह द्वारा कोतवाली नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर लगे राजनीतिक दलों के बैनर/पोस्टर व चुनाव प्रचार सामग्री को हटवाया गया। इस दौरान डीएम और एसपी ने लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत कोतवाली नगर क्षेत्र में पैदल गस्त/रूट मार्च/एरिया डोमिनेशन भी किया। इस दौरान नगर के आम जनमानस से संवाद भी किया गया। संवाद के दौरान डीएम और एसपी ने सभी को लोकसभा चुनाव में बढ़ चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही साथ इस चुनाव प्रक्रिया में अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक भी किया गया। बता दें कि यह रूट मार्च महुआबाग से होते हुए सदर अस्पताल, मिश्र बाजार, विशेश्वरगंज, सकलेनाबाद होते हुए लंका आकर समाप्त हुआ। रूट मार्च के दौरान वाहनों पर लगे राजनीतिक दलों के झंडो व काली फ़िल्म भी उतरवाए गये। इस दौरान अपर जिला अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेंद्र, उप जिलाधिकारी नगर प्रखर उत्तम, क्षेत्राधिकारी नगर सुधाकर पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दीनदयाल पाण्डेय, यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी के साथ पुलिस बल व केंद्रीय बल सीआईएसएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद थे।

