प्रकृति बिना मानव जीवन संभव नहीं

गाज़ीपुर।सामाजिक वानिकी वन प्रभाग द्वारा पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन स्नातकोत्तर महाविद्यालय  कृषि विज्ञान केंद्र सभागार में किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक विनोद कुमार सिंह एवं प्रभागीय निदेशक विवेक यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । कार्यक्रम में सैकड़ो युवाओं ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया । सभी अतिथियों का स्वागत एवं विषय प्रवर्तन करते हुए प्रभागीय निदेशक विवेक यादव ने कहा कि प्रकृति बिना मानव जीवन संभव नहीं है,ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि हम पेड़ -पौधों,जंगलों, नदियों, झीलों, भूमि, पहाड़ आदि सबके महत्व को समझें । प्रत्येक व्यक्ति को एक-एक पेड़ आवश्य गोद लेना चाहिए एवं उसके संरक्षण का कार्य करना चाहिए। आज के इस आधुनिक युग में पर्यावरण को क्षति पहुंचने से रोकना होगा एवं प्रकृति को संरक्षित करने का कार्य करना होगा ।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के चलते पर्यावरण दूषित होता जा रहा है ग्लोबल वार्मिंग बढ़ती जा रही है शहरों में प्रदूषित हवा के कारण लोग बीमारियों से ग्रसित होते जा रहे हैं हमें यह समझना चाहिए की संपूर्ण मानवता का अस्तित्व प्रकृति पर निर्भर है ,इसलिए एक स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण के बिना मानव समाज की कल्पना अधूरी है । पृथ्वी ग्रह पर ही मानव जीवन संभव है इसलिए इसे जीने लायक बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।
कृषि विज्ञान केंद्र के डॉक्टर डी.के. सिंह एवं डॉक्टर जी. सिंह सहायक प्रोफेसर पी.जी कॉलेज ने भी बढ़ती जनसंख्या को पर्यावरण प्रदूषण का कारण मानते हुए अपना-अपना विचार प्रकट किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी नम्रता सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से युवाओं को वन्य जीवों से परिचित कराया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया । कार्यक्रम में मां आदि शक्ति सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुजीत सिंह को तथा समाजसेवी उमेश श्रीवास्तव को पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु सम्मानित किया गया । इस अवसर पर डॉ ओंकार सिंह, डॉक्टर योगेश कुमार, डॉक्टर अशोक कुमार, डॉक्टर एस के सिंह आदि लोगों उपस्थित रहे ।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.