गाजीपुर पहुंचा जवान का शव, परिजनों में मचा कोहराम
गाजीपुर। (रेवतीपुर) सुहवल गाँव निवासी एवं मध्य प्रदेश के स्पेशल आर्म्स फोर्स (एस ए एफ) के 23वीं बटालियन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात जवान उमाकांत राय उम्र करीब 53 वर्ष का पार्थिव शरीर बुधवार की सुबह एम्बुलेंस से एमपी पुलिस के जवानों की देखरेख में सडक मार्ग से उनके पैतृक आवास सुहवल पहुंचा। जवान का पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गाँव व मुहल्ले में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। पत्नी सुमिता राय व मां दुर्गावती देवी सहित अन्य परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल था। मृत जवान का अंतिम दाहसंस्कार गाजीपुर स्थित शमशान घाट पर किया गया, जहाँ ग्रामीणों और पुलिस के जवानों ने उन्हें अंतिम बिदाई दी। पुत्र प्रवीण राय के पिता को मुखाग्नि देते ही माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया। अपने लाल के पार्थिव शरीर आने की सूचना मिलते ही जवान के पैतृक आवास पर गाँव सहित अगल बगल इलाके के ग्रामीणों सहित अन्य लोगों की भीड इकठ्ठा होने लगी, लोगों ने लाल के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए गमगीन परिजनों को सांतवना दी। मृतक जवान के पुत्र प्रवीण राय ने बताया कि उसके पिता वर्ष 1998 में मध्यप्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे, बताया कि बीते मंगलवार की सुबह उसके पिता भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में ड्यूटी के दौरान टेनिस कोर्ट में अचानक सीने में दर्द होने से व अचेत हो गये। पुत्र ने बताया कि इसके तुरंत बाद वहाँ मौजूद पुलिस के जवान व अधिकारी तुरंत वाहन से अस्पताल ले गये ,जहाँ चिकित्सकों की टीम ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। मृतक जवान के पुत्र प्रवीण राय ने बताया कि वह एक भाई व एक बहन है, बताया कि उसकी बडी बहन अंजली राय पीएचडी का कोर्स कर रही है,जबकि वह खुद अभी वर्तमान समय में बीटेक की पढाई कर रहा है।जवान उमाकांत राय की मौत के बाद पुलिस अधिकारियों, जवानों ने भोपाल पुलिस मुख्यालय में श्रद्धांजलि दे अंतिम विदाई दी।