जिलाधिकारी ने जिला पंचायत सभागार से ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ तथा स्कूल चलो अभियान का किया शुभारंभ
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संचारी रोगों की रोकथाम व नियंत्रण तथा शत-प्रतिशत बच्चों के स्कूलों में नामांकन कराने के दिये निर्देश
30 अप्रैल तक चलेगा अभियान, टीमें घर-घर जाकर बीमारियों की रोकथाम के लिए करेंगी जागरूक तथा 15 अप्रैल तक चलेगा बच्चों के नामांकन का अभियान
स्वास्थ्य, नगर निगम, पंचायती राज विभाग समेत 10 विभागों के आपसी समन्वय से सफल होगा अभियान





गाजीपुर।संचारी व मच्छर जनित रोगों की रोकथाम व नियंत्रण तथा स्कूल चलो अभियान के लिए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने मंगलवार को जिला पंचायत सभागार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ द्वारा जनपद बरेली में दोनो अभियानों के उद्घाटन समारोह के सजीव प्रसारण के उपरांत किया। इस दौरान जन जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। जिसमें स्वास्थ्य समेत सभी विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी द्वारा तीन पात्र बच्चों का विद्यालय में नामांकन करते हुए उन्हे पढ़ाई के लिए किट तथा पूर्व से पढ़ाई करने वाले स्कूली बच्चों को किताबें भी वितरित की।इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. सुनील पांडेय एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य समेत सभी 10 विभागों के मुख्य अधिकारियों, आशा-आंगनबाड़ी कार्यार्ताओं के संग संचारी रोगों के नियंत्रण व रोकथाम के लिए शपथ ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी व मच्छर जनित रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इन्हीं बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। इसी बीच 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान और 15 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, नगर निमग, पंचायती राज विभाग समेत 10 विभागों की टीम तैनात की गईं हैं जो घर-घर जाकर बीमारियों की रोकथाम और समुदाय को जागरूक करेंगी। ऐसे में जन समुदाय का भी दायित्व है कि अभियान में सहयोग करे, सतर्क और जागरूक रहें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद प्रशासन व विभिन्न विभागों के साथ ही जन प्रतिनिधि भी इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। इन बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा छिड़काव, फोगिंग, स्वच्छता, साफ-सफाई आदि का कार्य किया जाएगा। जांच व उपचार के साथ आवश्यक दवा भी प्रदान की जाएगी। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नोडल विभाग रहेगा। नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांग जन कल्याण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित 10 विभाग आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाएंगे।
सीएमओ ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का बेहद महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि रोगों को विशेष अभियान चलाकर काबू कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के आपसी समन्वय से नगर पालिका व नगर पंचायत की टीमें शहरी क्षेत्र तथा पंचायती राज विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण कार्य के साथ ही समुदाय को जागरूक करेंगी। सीएमओ ने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसमें जन प्रतिनिधियों, प्रभावशाली व्यक्तियों, विभिन्न संस्थाओं के साथ ही जनमानस का भी सहयोग लिया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के दौरान शिक्षा विभाग की टीम घर-घर जाकर अनामांकित बच्चों की पहचान करते हुए उनके शत प्रतिशत नामांकन का कार्य करेगी, विभाग इसके लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही सभी बच्चों को निशुल्क पुस्तक पोशाक का वितरण इस अवधि में सुनिश्चित किया जाएगा। इस सत्र में विभिन्न नवाचारों के द्वारा विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित की जाएगी ।साथ ही शिक्षकों के द्वारा बच्चों और उनके अभिभावकों को संचारी रोगों से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इस मौके पर चिकित्सा विभाग, नगर पालिका/नगर पंचायत, पंचायती राज, आईसीडीएस, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग समेत सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।