गाजीपुर। गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में उत्तर प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए सत्र 2024-25 की छात्राओं को टेबलेट वितरित किया गया। कल 495 छात्राओं को टैबलेट दिया जाना है। इसके तहत आज 202 छात्राओं में से उपस्थित 191 छात्राओ को टेबलेट वितरित किया गया। टेबलेट वितरण का कार्य कल 29 अगस्त को भी जारी रहेगा और कल 200 तथा आज अनुपस्थित सभी छात्राओं को टैबलेट वितरण किया जाएगा।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निशुल्क टेबलेट वितरण की योजना छात्र-छात्राओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इससे छात्राएं डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगी। टैबलेट पाकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए छात्राओं ने कहा कि मोबाइल फोन/ टैबलेट की कमी के कारण पढ़ाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था लेकिन अब टैबलेट पाकर अपने लक्ष्य की ओर अधिक उत्साह से अग्रसर हो सकेंगे।

महाविद्यालय के डिजीशक्ति पोर्टल के नोडल डॉ रामनाथ केसरवानी ने कहा कि आज आवश्यकता है कि प्रदेश का हर युवा समग्र रूप से सक्षम हो एवं तकनीकी रूप से दक्ष हो। टैबलेट पा जाने से ये छात्राएं न केवल अपनी पढ़ाई को लेकर ज्यादा उत्साहित होंगी वरन तकनीकी कौशल से रोजगार प्राप्ति में भी ज्यादा सक्षम हो सकेंगी ।

छात्राओं को टैबलेट वितरण में महाविद्यालय के डॉ गजनफर सईद, डॉ इकलाख खान, डॉ हरेंद्र यादव, डॉ राजेश यादव, डॉ नेहा कुमारी आदि प्राध्यापक गण तथा कार्यालय सहायक श्री राहुल राव, मनिंद्र यादव, अंजनी कुमार, तेज प्रकाश आदि का प्रयास सराहनीय रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार,डॉ शैलेंद्र कुमार यादव, डॉ. संगीता, डॉ सारिका सिंह, डॉ पीयूष सिंह सहित स्नातक अंतिम वर्ष की अर्ह छात्राएं उपस्थित रहीं।


