ग़ाज़ीपुर। सिविल बार संघ के आगामी चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने अध्यक्ष पद हेतु अपना नामांकन शुक्रवार को दाखिल किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित विद्वान अधिवक्ताओं एवं सम्मानित समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री श्रीवास्तव ने कहा कि यदि उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी जाती है, तो बार एवं अधिवक्ताओं के हित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे एक वरिष्ठ अधिवक्ता होने के साथ-साथ एक सक्रिय राजनेता भी हैं तथा शासन–प्रशासन के सहयोग से बार और अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएँ और सेवाएँ उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी निरंतर कोशिश रहेगी कि वादकारी हित में बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार सदैव बेंच का सम्मान करती रही है और आगे भी करेगी, साथ ही बेंच से भी बार के सम्मान की अपेक्षा रखी जाती है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि बार और अधिवक्ताओं के अधिकारों व हितों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।