माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, गाज़ीपुर में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

गाजीपुर। माउंट लिटरा ज़ी स्कूल बंधवा पिरनगर में सोमवार को विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय के माननीय निदेशक मोहित श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कारकुन द्वारा किया गया। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

प्रदर्शनी को दो प्रमुख भागों—कला दीर्घा एवं विज्ञान दीर्घा—में विभाजित किया गया था। कला दीर्घा में भारत के 1940 के दशक से लेकर वर्तमान समय तक के विकास एवं प्रगति को सुंदर एवं रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों, चार्ट्स और मॉडल्स के माध्यम से ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तनों को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया।

विज्ञान दीर्घा प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मॉडल्स, तथा विभिन्न कार्यशील एवं स्थिर मॉडल्स प्रदर्शित किए गए। विशेष आकर्षण रोबोटिक्स के साथ-साथ एआर (AR) और वीआर (VR) तकनीक रही, जिसने विद्यार्थियों को विज्ञान की अवधारणाओं का वास्तविक और रोचक अनुभव प्रदान किया। इन तकनीकों के माध्यम से छात्रों ने जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल और प्रभावी तरीके से समझा।

इस प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक विद्यालय पहुंचे। सभी ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की भूरी-भूरी प्रशंसा की। यह प्रदर्शनी न केवल विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बनी, बल्कि उनके आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल को भी सशक्त करने में सहायक सिद्ध हुई।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.