गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को मिला सम्मान

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार के परिसर में इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अपर महाधिवक्ता अजित कुमार सिंह रहे। कुशलपाल श्रोताशाला पर मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। संगीत विभाग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का खास आकर्षण नेवल और आर्मी विंग के एनसीसी कैडेट्स की परेड रही। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली और उनके अनुशासन व समर्पण की सराहना की।

इस मौके पर महाविद्यालय के उन शिक्षकों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने हाल के दिनों में उत्कृष्ट कार्य किया था। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में डॉ. आलोक रंजन श्रीवास्तव, डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. इन्दीवर रत्न पाठक, प्रोफेसर रविशंकर सिंह, प्रोफेसर जी सिंह, प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. मनोज कुमार मिश्र डॉ. अतुल कुमार सिंह, श्री अशोक कुमार सिंह, श्री शिवम शर्मा एवं रोवर्स एवं रेंजर्स के राष्ट्रीय जम्बूरी चैम्पियनशिप जीत कर आने वाले सभी रोवर्स एवं रेंजर्स टीम को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व को याद दिलाते हुए कहा कि संविधान हमें अधिकार देता है, लेकिन कर्तव्यों की जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।


कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर अर्थव्यवस्था और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से तकनीक का सही उपयोग कर अध्ययन को बेहतर बनाने और देश को मजबूत बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। देशभक्ति के गीतों, सम्मान समारोह और प्रेरक संदेशों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.