

(गाजीपुर)बहरियाबाद। स्थानीय बाजार स्थित पानी टंकी के पास गुरु कृपा केक शाप एवं गिफ्ट कार्नर में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग जाने से दुकान के अंदर रखा हुआ लाखों का सामान जलकर राख हो गया है। इसके अतिरिक्त शगुन लेडिज ब्यूटी पार्लर, गुनगुन सिलाई सेंटर, अंसारी क्लाथ स्टोर स्वदेशी मिष्ठान भंडार, नन्दलाल शू सेन्टर भी आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। एक मिष्ठान भंडार के कर्मचारी के शोर मचाने पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना थाने व फायर ब्रिगेड को दी गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
इस संबंध थानाध्यक्ष बृजेश कुमार तथा पीड़ित विशाल यादव ने बताया कि बहरियाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी विशाल यादव बुधवार को लगभग आठ बजे दुकान बंद कर मिर्जापुर स्थित घर चले गये। केक आदि खराब न हो इसलिए फ्रीजर चालू छोड़ रखा था। मध्य रात्रि में संभवतः शार्ट सर्किट से आग लग गई। अलसुबह सामने स्थित सूरज मिष्ठान भंडार का कर्मचारी धीरज मौर्या पहुंचा तो दुकान से धुआं निकलता देख अन्य लोगों को बताया। इस बीच जलनिगम की टंकी चालू कराकर लोग पानी डालना प्रारंभ किए। थानाध्यक्ष व फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने किसी प्रकार आग काबू पाया, तब तक पूरी दुकान जलकर राख हो गई। दुकान के अंदर रखा गया तीन फ्रीजर, एसी काउंटर सहित दुकान में रखा सारा समान जलकर कर राख हो गया। थोड़ी देर और होता तो अगल-बगल के प्रतिष्ठान भी आग की चपेट में आ जाते। पड़ोस की दुकानों में धुआं भर गया था। कुछ कपड़े, जूते आदि उनके भी झुलस गए। पानी टंकी बहरियाबाद के आस -पास के अधिकांश दुकानदार रात में अपने दुकान में नहीं सोते हैं बल्कि घर चले जाते हैं। जिस कारण आग लगने की जानकारी देर से हो पाई।