सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल तडवनवा में एकदिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन
गाजीपुर। सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, तडवनवा, गाजीपुर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए एकदिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्र-छात्राओं की शारीरिक क्षमता, खेल भावना तथा खेल कौशल को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मल्लिका बेगम, वरिष्ठ अधिवक्ता, द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर लीमा ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के ट्रैक एंड फील्ड खेल आयोजित किए गए, जिनमें मेढ़क दौड़, 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, रिले दौड़ तथा धीमी गति साइकिल रेस जैसे पारंपरिक व रोचक खेल शामिल रहे। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के समापन पर प्रधानाचार्या सिस्टर लीमा द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या सिस्टर प्रदीपा, खेल शिक्षक रंजित कुमार, गौरव गुप्ता, मो. शम्स अल्वी, पंकज प्रजापति एवं अखिलेश कुशवाहा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अंत में प्रधानाचार्या ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है।” उन्होंने पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।