सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में छात्राओं ने किया अपने ज्ञान और क्षमता का प्रदर्शन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में शनिवार को ‘सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में बौद्धिक विकास, तार्किक क्षमता तथा समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की 60 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी ज्ञान-क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में इतिहास, भूगोल, विज्ञान, भारतीय संविधान, समसामयिक घटनाओं तथा सामान्य अध्ययन से संबंधित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए।

छात्राओं ने प्रश्नों के उत्तर पूरे आत्मविश्वास के साथ दिए। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। निर्णायक मंडल के सदस्यों डॉ0 सर्वेश कुमार सिंह, डॉ0 राजेश यादव एवं डॉ मनीष कुमार सोनकर ने प्रतिभागी छात्राओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में सलोनी गुप्ता (पुत्री मनोज कुमार गुप्ता), बी.ए. तृतीय वर्ष, रागिनी (पुत्री रजनी कांत शर्मा), एम.ए. प्रथम वर्ष, एवं संध्या गुप्ता (पुत्री संतोष कुमार गुप्ता) बी.ए. तृतीय वर्ष ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वयन डॉ0 आनन्द कुमार चौधरी द्वारा किया गया।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.