स्मार्ट मीटर को लेकर अधिकारियों को दी गई विस्तृत ट्रेनिंग

गाजीपुर में स्मार्ट मीटर को लेकर अधिकारियों को दी गई विस्तृत ट्रेनिंग

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत गाजीपुर विद्युत वितरण मंडल में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर स्मार्ट मीटर संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी खंडों के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं GMR के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जीएमआर के प्रतिनिधियों द्वारा स्मार्ट मीटर से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में विशेष रूप से नेट मीटर उपभोक्ताओं के नेट मीटर कॉन्फ़िगरेशन, स्मार्ट मीटर में फ्लैग ऑन करने की प्रक्रिया, बिल जनरेट न होने के कारणों एवं उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर जीएमआर के जोनल हेड राहुल राजपूत, सर्कल मैनेजर पीयूष कुमार, आईटी टीम के पंकज कुमार, डिविजनल मैनेजर इंद्रजीत कुमार एवं अबरार अहमद सहित चारों खंडों के अधिशासी अभियंता, समस्त उपखंड अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उन्हें पूर्ण रूप से संतुष्ट किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि स्मार्ट मीटर की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समय से बिल जनरेट किए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को एसएमएस के माध्यम से समय पर बिल प्राप्त हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को जागरूक करते हुए ऊर्जावान एवं UPPCL Smart App डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उपभोक्ता प्रतिदिन अपनी बिजली खपत की जांच स्वयं कर सकें और पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में स्मार्ट मीटर व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने पर जोर दिया गया।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.