राजकीय महिला महाविद्यालय में होगा जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय युवा कार्यक्रम विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 28 फरवरी 2026 दिन शनिवार को आयोजित होगी । इस युवा संसद में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग तक के युवा जो गाजीपुर जिले के निवासी हैं प्रतिभाग करेंगे । इस प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रतिभागियों का पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर किया जा चुका है। इस बार के युवा संसद का विषय है- “आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” जिस पर प्रतिभागी को हिंदी या अंग्रेजी में अपने विचार रखने होंगे जिसके लिए उन्हें अधिकतम 3 मिनट का समय मिलेगा । प्रतिभागियों का मूल्यांकन पांच सदस्यीय निर्णायक समिति द्वारा विषय की प्रासंगिकता, स्पष्टता एवं संरचना, संप्रेषण कौशल एवं देह-भाषा, नवाचार एवं रचनात्मकता, भाषा की प्रभावशीलता एवं समय प्रबंधन के आधार पर किया जाएगा । जिला स्तर की प्रतियोगिता में 10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जायेगा जो राज्य स्तरीय युवा संसद में हिस्सा लेंगे । युवा संसद कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु जिन प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर किया है वह सभी 28 फरवरी 2026 को महिला महाविद्यालय में सुबह 09:00 बजे अनिवार्यतः पहुँच जाएं तथा अपने साथ वैध पहचान पत्र, आधार कार्ड एवं हाई स्कूल प्रमाण पत्र अवश्य लेकर आएंगे । यह आयोजन युवाओं में श्रेष्ठ वक्ता के रूप में वाक्य कौशल और भारत के वर्तमान एवं भविष्य के प्रति जागरूकता पैदा करने वाला होगा ।