गाजीपुर। शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय शिविर के पांचवें दिन सुबह 7 बजे कार्यक्रम अधिकारीयों द्वारा छात्राओं को सुबह की प्रार्थना और योगाभ्यास कराया गया। तदुपरांत छात्रों द्वारा सूक्ष्म जलपान ग्रहण किया गया और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ संबंधी एक रैली महुआ बाग से होते हुए मिश्रा बाजार तक निकाली गई।

रैली के दौरान स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न नारे जैसे बेटी है जीवन का आधार शिक्षा है उसका अधिकार, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ देश को प्रगति की राह पर लाओ, बेटियों का जब करोगे सम्मान तब प्रगति करेगा हिंदुस्तान, इत्यादि लगाए गए। तदुपरांत शिविर में छात्राओं द्वारा दोपहर का भोजन ग्रहण किया। दोपहर 2:00 से सावित्रीबाई फुले सभागार में युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका एवं राष्ट्रीय सेवा योजना विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी में मुख्य अतिथि महात्मा गांधी सती स्मारक महाविद्यालय गरुआ मकसूदपुर से डॉ नितेश पांडे रहे। डॉ नितेश पांडे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, कृषि, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सुधार—हर क्षेत्र में युवाओं का योगदान राष्ट्र को सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि NSS न केवल सेवा की भावना विकसित करता है, बल्कि नेतृत्व, अनुशासन, सहयोग और संवेदनशीलता जैसे गुणों का भी विकास करता है। तत्पश्चात मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया गया।

संगोष्ठी का संचालन स्वयं सेवी छात्राओं रिया और दिव्या द्वारा किया गया, तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ ओम शिवानी द्वारा किया गया। डॉ रामनाथ केसरवानी, डॉ मनीष सोनकर एवं डॉ नेहा कुमारी ने कार्यक्रम को सफल रूप से आयोजन करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगोष्ठी के दौरान समस्त प्रवक्ता गण, कार्यक्रम अधिकारी एवं समस्त स्वयं सेवी छात्राएं उपस्थित रहेl संगोष्ठी के बाद छात्राएं अपने शिविर में वापस लौट गई। शाम 5:00 बजे छात्रों ने सूक्ष्म जलपान ग्रहण किया, उसके बाद कार्यक्रम अधिकारियों के निर्देशन में रात्रि के भोजन की तैयारी की, तत्पश्चात स्वयं सेविकाओं ने भोजन ग्रहण किया और शिविर में रात्रि विश्राम के लिए चली गई।

