गाज़ीपुर। राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल के आगमन के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में कार्यक्रम आयोजित की गई। जिसमें राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता की। इस अवसर पर महाविद्यालय की दो प्रतिभाशाली छात्राओं शमाइला नाज़ (बी.ए. द्वितीय वर्ष) एवं संध्या राजभर (एम.ए. अंतिम वर्ष) को राज्यपाल के समक्ष अपने विचार व्यक्त करने का अवसर प्राप्त हुआ।

शमैला नाज़ ने अपने वक्तव्य में “महिला सुरक्षा” विषय पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत करते हुए समाज में महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं संध्या राजभर ने “शिक्षा में सरकारी संस्थाओं की भूमिका” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी योजनाओं, नीतियों एवं संस्थागत सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।

दोनों छात्राओं के विचारों की राज्यपाल द्वारा सराहना की गई, जिससे महाविद्यालय का गौरव बढ़ा। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के 15 स्वयंसेवी छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए साक्षी की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में डॉ. शम्भु शरण प्रसाद एवं नेहा कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महाविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर छात्राओं एवं समन्वयकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की है। इस दौरान राज्यसभा सांसद डॉक्टर संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला अधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा एवं मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य मौजूद रहे।
