पत्रकार पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार – संगठन ने दी सख्त चेतावनी
गाजीपुर। जनपद के कोतवाली सदर क्षेत्र में एक पत्रकार पर जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मुहम्मद आरिफ अहमद पुत्र इम्तियाज अहमद, निवासी कपूरपुर शहरी, थाना कोतवाली सदर, जनपद गाजीपुर, जो कि पंजाब केसरी टीवी चैनल के संवाददाता हैं, बुधवार शाम लगभग 3:30 बजे कचहरी कार्यालय से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ चैनल के फोटोग्राफर सोनू कुमार भी मौजूद थे।
जैसे ही वे महुआबाग त्रिमुहानी स्थित महाराजा चाट भंडार के पास पहुंचे, तभी डॉ. अर्चना नंदा के स्टाफ में कार्यरत सोनू पुत्र परवेज (निवासी मियापुरा, शहर गाजीपुर) ने अचानक उनकी मोटरसाइकिल रोक ली और उनके अस्पताल के बारे में जानकारी लेने को लेकर सवाल-जवाब करने लगा।
पत्रकार द्वारा एक वीडियो का हवाला देने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने जान से मारने की नीयत से लात-घूंसों से मारपीट की तथा गमछे से गला दबाकर पास खड़े टोटो में दबाने का प्रयास किया। इस दौरान पत्रकार की हालत गंभीर हो गई और सांस रुकने की स्थिति उत्पन्न हो गई।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर मौजूद फोटोग्राफर सोनू कुमार, आसपास के लोग एवं ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर पत्रकार को बचाया। अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि भविष्य में डॉक्टर का नाम लेने पर जान से मार दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह ने तत्परता दिखाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं, प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या हिंसा को संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस दौरान मौके पर अभिषेक कुमार सिंह, सुनील सिंह, अनिल कुमार, प्रभाकर सिंह, मुमताज अहमद, बबलू राय, प्रदीप शर्मा, इंद्र बहादुर सिंह, सोनू, सुजीत कुमार सिंह, सुनील गुप्ता,आरिफ, संजीव कुमार, शेर शाह, संजय सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे और घटना के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
