डीएम ने की बैठक, दिया बैंको को निर्देश

गाजीपुर। तिमाही की डीसीसी/डीएलआरसी तथा विशेष जिला सलाहकार उपसमिति की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, आरबीआई के अग्रणी जिला अधिकारी  अमित गुप्ता, अग्रणी जिला प्रबन्धक राजदेव कुमार एवं सभी बैंक समन्वयक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक मे दिसंबर 2025 तक की प्रगति की समीक्षा की गई जिसमें, ऋण जमानुपात एवं जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गयी।

जिले का जमा अनुपात मार्च 2025 में 39.85ः था जो दिसंबर 2025 को बढ़कर 41.65 प्रतिशत हो गया है। कुल जमा राशि 21859 करोड़ रुपये और कुल अग्रिम राशि 9105 करोड़ रुपये रही। 01.04.2025 से 31.12.2025 तक अग्रिम राशि में 781 करोड़ रुपये और जमा राशि में 975 करोड़ रुपये की शुद्ध वृद्धि हुई है। विभिन्न बैंको से प्राप्त सूचना के आधार पर 15.03.2026 को जनपद का ऋण जमानुपात 43.15 प्रतिशत रहा जिसमे कुल जमा 22162 करोड़ रुपये एवं कुल अग्रिम 9562 करोड़ रुपये रहा।

वार्षिक साख योजना (एसीपी) मे इस वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आवंटित एसीपी लक्ष्य 7054 करोड़ रुपये था, जिसमे जनपद की उपलब्धि 6167.67 करोड़ रुपये रही जबकि जो एसीपी का 88 प्रतिशत है। एसएचजी सीसीएल लिंकेज में वित्त वर्ष 25-26 के लिए 2900 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3424 सीसीएल लिंकेज एसएचजी को स्वीकृत और वितरित किया गया है। एक जनपद एक उत्पाद योजना में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 9 खातों का लक्ष्य आवंटित है, इसके सापेक्ष 13 खातों ऋण स्वीकृत और वितरित किया गया है।

सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 1750 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 1658 आवेदनों को स्वीकृत और वितरित किया गया है। खरीफ एवं रबी 25-26 के लिए फसल बीमां के तहत 87838 केसीसी खातों को कवर किया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के कुल भौतिक लक्ष्य 79958 के सापेक्ष अभी तक 172919 खातों में रु. 2363.86 करोड़ का वितरण किया गया है। अध्यक्ष द्वारा जनपद के ऋण जमानुपात में 50 प्रतिशत की अपेक्षित वृद्धि के लिए ऋण जमानुपात बढ़ाने हेतु बैंकों को ऋण प्रवाह बढ़ाने के लिए निर्देशित किया जिसके लिए उन्होने बैंको को शासकीय योजनाओं संबन्धित आवेदनों को अतिशीघ्र निस्तारित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होने फसल बीमा में अधिक से अधिक किसानो को जोड़ने का निर्देश दिया एवं सीएम युवा उद्यमी योजना मे पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया। अग्रणी जिला प्रबन्धक ने सदन को आश्वस्त किया कि सभी बैंकर्स मिलकर विभिन्न योजनाओं हेतु निर्धारित लक्ष्य को अवश्य पूर्ण करेंगे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.