
गाज़ीपुर।श्री चित्रगुप्त मंदिर, ददरी घाट के पावन एवं ऐतिहासिक प्रांगण में श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा की एक महत्वपूर्ण एवं आवश्यक बैठक संस्था के अध्यक्ष आनंद शंकर श्रीवास्तव के अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में समाज की एकता, संगठन की मजबूती एवं विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समाज के प्रतिष्ठित एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान रहा। सेंट्रल बार के अध्यक्ष शिवशंकर सिन्हा, सिविल बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप वर्मा तथा गाजीपुर नगर पालिका परिषद के नामित सदस्य कमलेश श्रीवास्तव को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सभा के पदाधिकारियों ने उनके सामाजिक, न्यायिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
बैठक के दौरान एक भावुक क्षण भी आया, जब सभा के कार्यकारिणी सदस्य स्वर्गीय भूपेंद्र श्रीवास्तव ‘भोला’ के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों एवं गणमान्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय भोला जी का स्नेहिल व्यवहार एवं समाज के प्रति उनकी निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी।
बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सामाजिक कार्यक्रमों एवं समाज के हितों को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई। वक्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर बल दिया तथा युवाओं की सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग, समर्पण एवं एकजुटता से ही संस्था निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
इस अवसर पर सभा के प्रमुख रूप से शिव शंकर सिन्हा, रितु श्रीवास्तव, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, अजीत नारायण लाल, पप्पू लाल, संदीप श्रीवास्तव, सभासद अरविंद सिन्हा, विभोर राजेश श्रीवास्तव, प्रवीण श्रीवास्तव, संजीव श्रीवास्तव, क्षितिज श्रीवास्तव, सुनील दत्त मुनेंद्र श्रीवास्तव, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, अंजनी श्रीवास्तव, बृजेश श्रीवास्तव, धीरज श्रीवास्तव, संदीप वर्मा, प्रवीण श्रीवास्तव, सुशांत श्रीवास्तव, शैलेंद्र श्रीवास्तव आदि लोग उपस्थित रहे।