गाजीपुर। सोमवार को आडिटोरियम परिसर एवं हाल में उत्तर प्रदेश सरकार के “ नौ निर्माण के नौ दिवस” कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सरस मेला, समूह की महिलाओं के सरकारी योजनाओं के जागरूकता व मिशन शक्ति का कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं विशिष्ठ अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सर्वप्रथम मुख्य अथिति द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किये उत्कृष्ट उत्पादों की लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा समूह की महिलाओं के उत्पादों की तारीफ करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

तदोपरांत दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में स्कूल की बच्चियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त स्वतः रोजगार विजय कुमार यादव द्वारा विगत नौ वर्षाे में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत किये गए कार्यों एवं योजना के उद्देश्य के सम्बन्ध में विस्तृत रूप से जानकारी दी गयी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपना सिंह ने कहा कि आज “उत्तर प्रदेश सरकार के नौ निर्माण के नौ वर्ष” कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित इस सरस मेले में आप सबके बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत हर्ष का अनुभव हो रहा है।

यह मेला केवल उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह हमारे ग्रामीण स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का जीवंत उदाहरण है। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाया गया है, जिससे हमारी बहनों ने न केवल आत्मनिर्भरता हासिल की है, बल्कि अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं आज धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं, जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण/शहरी) के माध्यम से गरीबों को पक्के घर मिले हैं। उज्ज्वला योजना से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण से गांव-गांव स्वच्छता आई है। आयुष्मान भारत योजना से गरीब परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर नल से जल पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, और मिशन शक्ति जैसी योजनाएं महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित कर रही हैं।

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। कन्या सुमंगला योजना का भी लाभ मिला रहा है। यह सरस मेला इन सभी प्रयासों का संगम है, जहां हमारे स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पाद-हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री, वस्त्र और अन्य वस्तुएं-हमारी संस्कृति, मेहनत और हुनर को प्रदर्शित करती हैं। उन्होने कहा कि मैं विशेष रूप से हमारी सभी बहनों को बधाई देना चाहती हूँ, जिन्होंने अपने परिश्रम और लगन से यह सिद्ध कर दिया है कि यदि अवसर मिले तो महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यह मेला उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। साथ ही, उन्होने सभी से अपील किया कि इन स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक अपनाएं और “वोकल फॉर लोकल” को सशक्त बनाएं और हम सभी मिलकर उत्तर प्रदेश को विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ठ अतिथि सरिता अग्रवाल ने कहा कि आज “नौ निर्माण के नौ दिवस” कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित इस सरस मेले में उपस्थित होकर मुझे अत्यंत हर्ष और गर्व का अनुभव हो रहा है। यह मंच न केवल हमारे ग्रामीण उत्पादों और हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि हमारी बहनों को आत्मनिर्भरता की ओर सशक्त कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित भी करता है।

सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं, विशेषकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हमारी बहनें न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि समाज में अपनी एक नई पहचान भी स्थापित कर रही हैं। “मिशन शक्ति” के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को जो प्राथमिकता दी गई है, वह अत्यंत सराहनीय है। आज हमारी महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं- चाहे वह उद्यमिता हो, शिक्षा हो या सामाजिक नेतृत्व।

उन्होने सभी समूह की महिलाओं से आग्रह किया कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, उनका लाभ उठाएं और अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएं। साथ ही, वे अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें, ताकि हमारा समाज और अधिक सशक्त बन सके।
कार्यक्रम के अंत में सुबास चन्द्र सरोज, जिला विकास अधिकारी द्वारा सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार एवं समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
