विजेता रोवर्स रेंजर्स को मेडल एवं मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में आयोजित 34वां जनपदीय रोवर्स/ रेंजर समागम 2025 का रंगारंग समापन बुधवार को सांय काल हो गया। इस समापन समारोह के अवसर पर पधारे विशिष्ट अतिथि प्राचार्य प्रो बृजेश कुमार जायसवाल,  महंत रामाश्रय दास पी जी कालेज भूड़कुड़ा ने कहा कि सामाजिक सदभाव एवं सहयोग के साथ जीवन जीने की कला विद्यार्थी यहाँ आकर सीखते हैं। यह अनुशासन और प्रदर्शन का सबसे उपयुक्त अवसर होता है।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रो शम्भूराम , प्राचार्य /जिला मुख्य आयुक्त, रोवर्स/रेंजर्स वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर ने कहा कि यह आयोजन हमारे लिए प्रतिभा की पहचान और खोज का एक अवसर प्रदान करता है। यह व्यक्तिवाद से समाजवाद की ओर यात्रा का प्रस्थान है। जिससे हम समाज एवं राष्ट्र के साथ विश्व की सेवा में अपना योगदान दे सकें। रोवर्स रेंजर्स समागम की गतिविधियों से युवाओं को बहुत कुछ व्यावहारिक रूप से सीखने का अवसर मिलता है। जो उन्हें एक सुयोग्य नागरिक के रूप में भविष्य में व्यक्ति, समाज एवं राष्ट्र की सेवा करने और तत्पर रहने के लिए तैयार करता है।

स्काउट गाइड का यह उच्च सोपान युवाओं को कम संसाधनों में कई मंचों पर अपने को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने की सीख प्रदान करता है। इससे पूर्व अतिथिगण का पुष्पगुच्छ, स्काउट स्कार्फ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनीता कुमारी एवं आयोजन सचिव डॉ शिवकुमार द्वारा स्वागत किया गया। आयोजन सचिव डॉ शिव कुमार ने उपस्थित अतिथियों एवं आगंतुक प्राध्यापकों एवं टीम प्रभारी तथा स्काउट गाइड निर्णायक मंडल का स्वागत किया गया। इस अवसर पर विगत दो दिनों से आयोजित 17 विविध प्रतियोगिता की विजेता प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले रोवर्स रेंजर्स को अतिथियों द्वारा मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अंतिम प्रतियोगिता झांकी का मूल्यांकन डॉ बृजेश कुमार जयसवाल, डॉ पारूली सिंह, एवं डॉ मनोज कुमार तिवारी द्वारा किया गया। इस बार फैशन शो, रंगोली एवं वाद विवाद को समागम में नवीन प्रतियोगिताओं के रूप में शामिल किया गया। जबकि मार्च पास्ट, वर्दी, पोस्टर, क्विज, किम्स गेम, व्याख्यान, लोक नृत्य, प्राथमिक सहायता, ध्वज शिष्टाचार, दल अभिलेख, टेंट पुल निर्माण एवं कार्य अनुभव प्रदर्शनी पूर्व की तरह जारी रही। कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण रोवर रेंजर्स द्वारा कैंप फायर के दौरान प्रस्तुत फैशन शो एवं लोकगीत- लोक नृत्य प्रतियोगिता रही।

सांय कालीन कैंप फायर के मुख्य अतिथि होम्योपैथ मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ राजेंद्र सिंह राजपूत रहे। समस्त प्रतियोगिताओं के समेकित परिणाम के आधार पर रोवर्स विंग में पीजी कॉलेज गाजीपुर में प्रथम, हिंदू पीजी कॉलेज जमानिया गाजीपुर द्वितीय एवं शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय यूसुफपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार रेंजर्स वर्ग में राजकीय महिला पीजी कॉलेज गाज़ीपुर प्रथम, पीजी कॉलेज गाजीपुर द्वितीय एवं शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय यूसुफपुर की छात्राएं तृतीय स्थान पर रही।

रोवर वर्ग में पीजी कॉलेज के छात्रों ने कुल आयोजित 17 प्रतियोगिताओं में 12 प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर बहुत बड़े अंतर से प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि रेंजर्स वर्ग में राजकीय महिला पीजी कॉलेज की छात्राओं ने कुल आयोजित 17 प्रतियोगिताओं में 11 प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनी। रोवर्स एवं रेंजर्स संवर्ग की ओवरऑल विजेता प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाली टीम के लीडर्स एवं प्रभारी को प्राचार्य एवं उपस्थित अतिथि गणों ने चमचमाती ट्रॉफी एवं उनकी जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने कहा कि रोवर्स रेंजर्स समागम के आयोजन का लगातार दो वर्ष तक आयोजन का अवसर मिलना महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। यह सब सभी के सहयोग से सम्पन्न हुआ। आप सभी के प्रति आभार ज्ञापन करती हूँ। कार्यक्रम का संचालन समारोहक डॉ निरंजन कुमार यादव और श्री दिनेश कुमार सिंह यादव जिला संगठन आयुक्त, गाजीपुर ने किया।

इस अवसर पर प्रमोद कुमार यादव, संजय यादव, एडवोकेट ज्योत्सना बिंद, इनमुल्लाह अंसारी, गोवर्धन प्रसाद गुप्ता, मनीष यादव, डॉ मनोज कुमार मिश्रा, डॉ अशोक सिंह, डॉ अतुल सिंह, डॉ आस्था साक्षी, डॉ धर्मेंद्र कुमार, डॉ अमित कुमार, डॉ साधना मौर्या, डॉ मृत्युंजय सिंह आदि प्रभारी गण उपस्थित रहे। टीम प्रभारी एवं विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिवार की मेजबानी एवं परस्पर समन्वय की अतिशय प्रशंसा की।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.