राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय भाषण, रील्स एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय भाषण, रील्स एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य, प्रोफेसर अनीता द्वारा किया गया।

प्राचार्य ने कहा कि “सड़क सुरक्षा हमारे जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है और युवा पीढ़ी को इस दिशा में जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है।” इस अवसर पर जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्रतिभागी छात्र -छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए।

रील्स प्रतियोगिता में छात्राओं ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए रचनात्मक एवं संदेशपरक वीडियो के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया, जिसे सभी ने सराहा। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें छात्राओं ने सड़क दुर्घटनाओं के कारण, लापरवाही के परिणाम तथा यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को सशक्त अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया।

निर्णायक मंडल द्वारा सभी प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय महिला कॉलेज की आनंदी गुप्ता पुत्री नीलकमल गुप्ता प्रथम, शांति सोनी पुत्री ओम प्रकाश सोनी द्वितीय एवं पी जी कॉलेज की हेमलता पुत्री इंद्रजीत सिंह तृतीय स्थान पर रही।

रील्स प्रतियोगिता में राजकीय महिला कॉलेज की सोनाली यादव पुत्री जयप्रकाश यादव, श्रेया मौर्या पुत्री राजेंद्र मौर्या, एवं आत्म प्रकाश महाविद्यालाय की जयति जैन पुत्री अनिल जैन क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रही।

नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में सोनाली यादव पुत्री जयप्रकाश यादव प्रथम, शांति सोनी पुत्री ओम प्रकाश सोनी द्वितीय, एवं क्रिश्टी वर्मा पुत्री संतोष वर्मा तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम का आयोजन सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी डॉ मनीष कुमार सोनकर द्वारा किया गया तथा निर्णायक की भूमिका में प्राध्यापक डॉ संगीता, डॉ पियूष सिंह , डॉ नेहा कुमारी, डॉ रामनाथ केसरवानी एवं डॉ ओम शिवानी रहे। कार्यक्रम में विशेष सहयोग डॉ रामनाथ केसरवानी जी का रहा।

इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार, डॉ आनंद चौधरी, डॉ गजनफर सईद एवं अन्य शिक्षक ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।