Category Archives: Ghazipur

विकास खंड देवकली में “पोषण पंचायत कार्यक्रम”का आयोजन

गाजीपुर।मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बुधवार को बरहापुर बीआरसी, विकास खंड देवकली में “पोषण पंचायत कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुनीता श्रीवास्तव, सदस्य, राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छः गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इस अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, तथा महिला सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि सुनीता श्रीवास्तव ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “मिशन शक्ति” महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वावलंबन की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर ने मिशन शक्ति के तहत उपस्थित महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया। जिला प्रोबेशन अधिकारी  संजय कुमार सोनी ने मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112, 108, 1076 आदि) की जानकारी दी और बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं इन सेवाओं का उपयोग कर सकती हैं। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी, सीडीपीओ  समीर सिंह, तथा एजाज अहमद, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा ग्राम पंचायत प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

डीएम ने की बैठक,25 केंद्रों पर होगी परीक्षा,10872 अभ्यर्थी होंगें सम्मिलित

डीएम की अध्यक्षता में उ0प्र0 लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा0) परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा0) परीक्षा-2025 की समीक्षा/तैयारी बैठक हुई आयोजित

जनपद में परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने हेतु 25 परीक्षा केंद्रों पर 25 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 25 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की हुई तैनाती

गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जनपद में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा0) परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा0) परीक्षा-2025 12 अक्टूबर, 2025 (रविवार) को दो सत्रों में सम्पन्न कराने एवं उ0प्र0 लोक सेवा आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन किए जाने तथा परीक्षा को निर्धारित प्रक्रिया अनुसार सकुशल, नकल विहीन व सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत समीक्षा बैठक पलिस लाईन सभागार कक्ष मे सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में आयोजित होने वाली सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा0) परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा0) परीक्षा-2025 की परीक्षा को पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित उपस्थित सभी केन्द्र व्यवस्थापकों/सह केंद्र व्यवस्थापकों को समयबद्धता एवं निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा सम्पन्न कराने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण/निरीक्षण करते हुए परीक्षा केन्द्रों के अप्रोच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा, साफ-सफाई आदि का सघन निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपनी देखरेख में सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रश्नपत्र/ओएमआर शीट के गोपनीय बण्डल को निर्धारित समय पर ट्रेजरी के डबल लाक से प्राप्त करते हुए परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध कराएगे। संबंधित केन्द्र व्यवस्थापक गोपनीय बण्डलों को प्राप्त कर वीडीयोग्राफी कराते हुए कक्ष निरीक्षकों को उपलब्ध करायेंगे। पूरी प्रक्रिया के दौरान परीक्षा की संवेदनशीलता को बरकरार रखते हुए समस्त कार्यवाही सुनिश्चित कराएगे। इसमे किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। परीक्षा की सुचिता भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्यवाही कर एफ.आई.आर. दर्ज कराया जाएगा।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुये अपर जिलाधिकारी वि0/रा00 ने उपस्थित सभी अधिकारियों को परीक्षा के दिन की सुबह से लेकर शाम तक की समस्त गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने का निर्देश देते हुये बिन्दुवार विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि परीक्षा जनपद के 25 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। जिसके लिए कुल 25 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 25 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 04 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 08 जोनल मजिस्ट्रेट, 25 केन्द्र व्यवस्थापनक एवं 25 सह केन्द्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में 25 केन्द्रों पर परीक्षा दिनांक 12 अक्टूबर, 2025 (रविवार) को दो सत्रों में (पूर्वाह्न 09.30 बजे से पूर्वाहन 11.30 बजे तक व अपराह्न 02.30 बजे से अपराह्न 04.30 बजे तक) आयोजित होगी। जिसमें कुल 10872 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
जिलाधिकारी ने ड्यूटी में लगाए गए समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट,केंद्र व्यवस्थापक व सह केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया है कि राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा०) परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक/ क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा०) परीक्षा 2025 के संबंध में दिए गए निर्देशों का अनुपालन करते हुए परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, एस0पी0सिटी0 ज्ञानेन्द्र प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक, परियोजना निदेशक, आयोग के नामित अधिकारी, सहित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, समस्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक/सह केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

बालिकाओ की खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन,नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर रहीं विजयी

गाजीपुर। पं0 दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी के अवसर पर जूनियर बालिकाओ की खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन मिशन शक्ति के अन्तर्गत नेहरु स्टेडियम गोराबाजार के प्रांगण में किया गया। इस प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि दिलीप कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी के कर कमलो द्वारा किया गया । इस प्रतियोगिता में कुल 08 टीमों ने प्रतिभाग किया । जिसका पहला सेमीफाइनल मैच नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर बनाम रामपुर माझा के मध्य खेला गया, जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 13 अंक एवं रामपुर माझा 03 अंक प्राप्त किया जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 10 अंको से विजयी रही, दुसरा सेमीफाइनल मैच बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर बनाम नेहरु स्टेडियम बी के मघ्य खेला गया । जिसमें बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 12 अंक एवं नेहरु स्टेडियम बी 08 अंक प्राप्त किया जिसमें बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 04 अंकों से विजयी रही । इस प्रतियोगिता का फाइनल मैंच नेहरु स्टेडियम गाजीपुर ए बनाम बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर के मध्य खेला गया, जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 08 अंक एवं बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 05 अंक प्राप्त किया, जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 03 अंकों से विजयी रही। प्रतियोगिता का संचालन राधेश्याम सिंह यादव खो-खो प्रशिक्षक के द्वारा किया गया । आफिशियल के रुप में शिवानी राय, अंशु राय. पिन्टु यादव, अभिषेक पाल, विनोद यादव, सुनील यादव, बन्दना, अजित यादव, रागिनी, सौरभ राय रहें। इस अवसर पर, सावित्री कुशवाहा, पुनम, विनोद कुमार जायसवाल, विजय, बृजेश कुमार, योगेन्द्र सिंह, मु0 मोईन, एवं समस्त स्टाप उपस्थित रहें।अन्त में अरविन्द यादव क्रीड़ाधिकारी द्वारा सभी आगन्तुओ एवं खिलाड़ियो के प्रति आभार व्यक्त किया ।

जिला पंचायत विभाग द्वारा मिशन शक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन,चार महिला को किया सम्मानित

गाजीपुर। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत विकास भवन सभागार में जिला पंचायत विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय एवं अपर जिला पंचायत राज अधिकारी/परियोजना निदेशक दीन दयाल द्वारा चार महिला ग्राम प्रधानों में ग्राम फ़तेउल्लाहपुर की सुनीता देवी, ग्राम मिथुनपार की इतवारी देवी, ग्राम बिशनपुरा पिपरी की बिंदु यादव, एवं ग्राम सेमराचक की रानी देवी को अपने-अपने ग्राम सभाओं में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु सम्मानित किया गया। उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की मैनेजर प्रियंका प्रजापति द्वारा महिलाओं के प्रति हिंसा एवं घरेलू उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। इसके पश्चात जिला समन्वयक संतोष कुमार सिंह द्वारा चाइल्डलाइन (1098) के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि चाइल्डलाइन संकटग्रस्त बच्चों की 24×7 सहायता करती है और किसी भी रूप में मदद की आवश्यकता होने पर तुरंत सहयोग प्रदान करती है। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, कन्या सुमंगला योजना इत्यादि के साथ-साथ सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 1098, 108, 1090, 1930, 181, 101, 112 आदि की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित महिला ग्राम प्रधानों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया गया।

पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान चलाकर लोगों को किया जागरूक

गाजीपुर।मिशन शक्ति-05” उ0प्र0 शासन के आदेशानुसार महिला सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे ‘‘मिशन शक्ति‘‘ अभियान फेज-05 के अंतर्गत मिशन शक्ति अभियान को सार्थक बनाने के क्रम में जनपद गाजीपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित मुख्य- मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़ भाड़ वाली जगहों पर जाकर पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त कर मिशन शक्ति का अभियान चलाकर सभी को जागरूक किया गया तथा समस्त थाना क्षेत्रों मे स्थापित मिशन शक्ति केन्द्र में आई हुई विभिन्न वर्गों की महिला जन प्रतिनिधिओं से संवाद/मीटिंग कर सभी महिलाओं, बालिकाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। उक्त अभियान के तहत जनपद गाजीपुर के समस्त थाना क्षेत्रों मे पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण/चेकिंग कर शोहदों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। थाना क्षेत्रों मे वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें हूटर, काली फिल्म, लाल नीली बत्ती, नंबर प्लेट पर शासकीय या जाति या धर्म को इंगित करने वाले शब्द/प्रतीक चिन्ह अंकित करने वालों, स्टंट करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की गई ।

कोर्ट ने सुनाई रेप और मर्डर मामले में आरोपी को फांसी की सजा

कोर्ट ने आरोपी को दी फांसी की सजा

गाजीपुर । गाजीपुर की पॉक्सो विशेष कोर्ट का बड़ा फैसला सुनाया है।गाजीपुर पॉक्सो कोर्ट ने नाबालिग बच्चे से रेप और मर्डर के मामले में आरोपी को मृत्युदंड की सजा दी है।कोर्ट ने आरोपी को रेप और मर्डर मामले में दोषी मानते हुए आरोपी को फांसी की सजा सुनाई है।मामला गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र के एक गांव का 19 फरवरी 2024 का है।जहाँ आरोपी संजय नट ने 8 वर्षीय बच्चे से अप्राकृतिक सेक्स करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी।नाबालिग बच्चे से रेप और मर्डर के बाद आरोपी ने बच्चे का शव प्लास्टिक की एक बोरी में भरकर अपने घर के एक बक्से में छिपाया था।मृतक बच्चे के घर वालों की शिकायत पर पुलिस ने बच्चे के शव को आरोपी के घर से एक बक्से से बरामद किया था।मामले में अभियोजन की ओर से कुल 8 गवाह पेश किए गए थे।साक्ष्यों के परीक्षण और गवाहों के बयानात के बाद विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट रामावतार प्रसाद ने आरोपी को मृत्युदंड की सजा देने का फैसला सुनाया।कोर्ट ने मामले में आईपीएस की धारा 377,302 और पॉक्सो एक्ट की धारा 5 एम और 5 जे की उपधारा 4/6 के तहत ये फैसला दिया।गाजीपुर में 14 वर्षों के बाद किसी आरोपी को कोर्ट से मृत्युदंड की सजा दी गयी है।

धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती

गाजीपुर।शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार के कुशल मार्गदर्शन में आदि काव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकी जी की जयंती हर्षाेल्लासपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके उपदेशों और उनके साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला गया। महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम मंदिरों पर किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि न केवल रामायण के रचयिता थे, बल्कि उन्होंने समाज को सत्य, धर्म, और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। उन्होंने समानता, न्याय और मानवता के मूल्यों को अपने ग्रंथों के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों/कर्मचारियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन, कविताएँ और विचार प्रस्तुत किए गए।
 इस अवसर जनपद के ब्लाक स्तरो एवं तहसील स्तरों में हनुमान मंदिरों, राम जानकी मंदिरों में कई आयोजन किये गए। कई श्रीराम, हनुमान जी के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन तथा माल्यार्पण के साथ ही रामायण का पाठ शुरू किया गया। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मंदिरों में अनवरत रामायण पाठ, भजन और भक्तिमय लोकगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बताते चलें कि महर्षि बाल्मीकि विश्व के आदि कवि हैं जिनके द्वारा रचित रामायण विश्व के आदि ग्रंथ के रूप में आज भी पूज्यनीय है, जो व्यक्ति, समाज एवं राष्ट्रीय मूल्यों के निर्माण में वैश्विक स्तर पर मार्गदर्शन का आधार है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण सामाजिक मूल्यों, मानव मूल्यों एवं राष्ट्र मूल्यों की स्थापना का आदर्श है। बाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों व राष्ट्र मूल्यों के व्यापक प्रचार- प्रसार व जन सामान्य को इससे जोड़ने के लिए महर्षि वाल्मीकि, श्री राम, हनुमान जी से संबंधित मंदिरों पर दीप प्रज्वलन, दीपदान के साथ साथ वाल्मीकि रामायण का पाठ कराया गया है।
 इसी क्रम में आज ग्राम हुसैनुपर सकरा में शिव मन्दिर, ब्लाक करण्डा के ग्राम पंचायत परमेठ में नवल नाथ मन्दिर, ग्राम लहना, विकास खण्ड मनिहारी के अन्तर्गत ग्राम पंचायत बरहट में खण्ड विकास अधिकारी अरविन्द यादव के मार्गदर्शन मॉ दुर्गा मन्दिर पर मॉ शारदा इण्टर कालेज प्रांगण में रामायण पाठ का शुभारंभ, राम जानकी महाहर धाम सुलेमापुर देवकली में बाल्मीकि रामायण का संगीत मय कार्यक्रम किया गया। सहित अन्य मंदिरों में  सूचना विभाग के कलाकारो द्वारा हनुमान मंदिर परमेठ में विध्याचल सिंह यादव द्वारा, चकेरी उपरवार में महेश सिंह यादव लोकगीत बिरहा पार्टी द्वारा, ग्राम ताजपुर में हनुमान मन्दिर में पारस नाथ यादव द्वारा, शिव मन्दिर ग्राम हुसैनपुर सकरा में दरोगा राम द्वारा, शिवधाम कॉलोनी, पिठापुर में बाल्मीकि रामायण का पाठ, भजन गायन एवं पूजा अर्चन किया गया।

मौनी बाबा सेवादल द्वारा चकिया में बजरंगबली मंदिर की छत ढलाई संपन्न

मौनी बाबा सेवादल द्वारा चकिया में बजरंगबली मंदिर की छत ढलाई संपन्न

गाजीपुर(चकिया)। मौनी बाबा सेवादल अध्यक्ष संतोष पांडेय के नेतृत्व में चकिया स्थित बजरंगबली मंदिर की छत ढलाई का कार्य संपन्न हुआ। इस अवसर पर ग्रामीणों में हर्ष का माहौल देखा गया।

बताया गया कि मौनी बाबा सेवादल विगत कई वर्षों से क्षेत्र में स्थित जर्जर और पुराने मंदिरों के पुनर्निर्माण के साथ-साथ नए मंदिरों के निर्माण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संतोष पाण्डेय द्वारा धार्मिक स्थलों के संरक्षण के साथ-साथ गरीबों की सहायता और सामाजिक सेवा के कार्य भी निरंतर किए जा रहे हैं।

ग्राम पंचायत सबुआ के पूर्व प्रधानपति मनोज पांडेय ने बताया कि मौनी बाबा सेवादल वर्षों से ऐसे पुनीत कार्यों में अग्रणी रहा है और समाज में धार्मिक एवं सामाजिक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

ढलाई कार्य के दौरान ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना की ।

कांग्रेस ने मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती,साथ ही मना अजय राय जन्मदिन

गाज़ीपुर : कांग्रेस ने मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती, साथ ही यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया

गाज़ीपुर।कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को शहर कांग्रेस कैंप कार्यालय, सकलेनाबाद में महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िला उपाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने की। कांग्रेसजनों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को नमन किया।

जिला उपाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन इस बात का प्रतीक है कि कोई भी व्यक्ति अगर सही मार्ग पर चले तो समाज का मार्गदर्शक बन सकता है। आज के समय में जब समाज में नफ़रत और विभाजन की राजनीति हो रही है, तब महर्षि वाल्मीकि के समरसता, समानता और भाईचारे के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज को बाँटने और अपनी असफलताओं को छिपाने में लगी है, जबकि कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।

इसी अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच केक काटकर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बाँटी और प्रदेश अध्यक्ष के दीर्घायु व जनसेवा में सफलता की कामना की।

कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव “पी.सी.सी.” ने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि की शिक्षा हमें सिखाती है कि समाज के कमजोर वर्गों की आवाज़ बुलंद करना ही सच्ची सेवा है। लेकिन आज की भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, नौजवान और मजदूर,सबको ठगा है। बेरोज़गारी और महंगाई से जनता त्रस्त है, और सरकार केवल दिखावा और प्रचार में व्यस्त है।”

उन्होंने कहा कि अजय राय जैसे जमीनी नेता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा की दमनकारी नीतियों का मुकाबला कांग्रेस जनता के सहयोग से कर रही है।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने वाल्मीकि जयंती और अजय राय के जन्मदिन को जनसेवा, समानता और एकता का प्रतीक दिवस बताते हुए समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से
राजेश गुप्ता, राजेश विश्वकर्मा, अजय दुबे,अखिलेश यादव, आलोक यादव, सदानंद गुप्ता, शैला रतन यादव, रामविलास यादव, मुकुल यादव, दाउ विश्वकर्मा, किशन विश्वकर्मा, रईस अहमद, भैया लाल पांडे, लखन श्रीवास्तव, शक्ति आनंद, ओम प्रकाश यादव, विजय कुमार शर्मा, धनजी पांडे आदि लोगों उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम का समापन “जय महर्षि वाल्मीकि” और “जय कांग्रेस” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।

श्री नागा बाबा धाम पर तीन दिवसीय विशाल मेले का आयोजन

गाजीपुर -करंडा: स्थित प्रज्ञ भगवान श्री नागा बाबा धाम गाजीपुर जिले के करंडा ब्लॉक में ग्राम आरी पहाड़पुर सीता पट्टी करंडा गाज़ीपुर बाबा का पावन धाम है। श्री नागा बाबा दिन रविवार 22 अक्टूबर इस सन 1972 को बाबा अपनी सहज लीला को पूर्ण कर परिनिर्वाण को प्राप्त हो गए उसी दिन शरद पूर्णिमा को उनकी समाधि स्थल श्री नागा बाबा धाम आरी पहाड़पुर सीता पट्टी में भव्य सांस्कृतिक आध्यात्मिक मेले का आयोजन भगवान श्री नागा बाबा स्मारक सेवा समिति द्वारा किया जाता है जिसमें लाखों की संख्या में भक्त भगवान श्री नागा बाबा का आशीर्वाद उनके दर्शन मात्र कर लेने से ही मिल जाता है। आज भगवान श्री नागा बाबा इस जगत में न रहते हुए भी बाबा परमात्मा की जीती जागती प्रतिमूर्ति हैं वह अंतर्यामी थे उनके लिए भौतिक जगत तृण व्रत था भक्तों के लिए बाबा का प्रसाद व आशीर्वाद परम मंगलदायक था जो कार्य औषधि से नहीं होता वह कार्य बाबा के आशीर्वाद मात्र से होता है।आज भी उनके समाधि के दर्शन मात्र से सुख शांति की प्राप्ति तो होती है सभी मनोरथ भी सिद्ध होता है। वह नर रूप मे साक्षात नारायण के अवतार थे।इस वर्ष भी मंगलवार दिनांक 7 अक्टूबर 2025 को शरद पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय विशाल मेले का आयोजन होगा। जो भगवान श्रीं नागा बाबा धाम पवहारी समाधि स्थल आरी पहाड़पुर, सीतापट्टी करंडा गाजीपुर में आयोजित होगा।आयोजन प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी धाम की व्यवस्था में लगे भगवान श्री नागा बाबा स्मारक सेवा समिति आरी पहाड़पुर, सीतापट्टी करंडा गाजीपुर के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह राजू और इस वर्ष से प्रबंधक संतोष सिंह (श्री नागा बाबा विद्यालय समिति) भी मेले के आयोजन में सहयोग करेंगें व समितियों से जुड़े सदस्यों द्वारा क्षेत्रीय जनता के सहयोग से मेले का आयोजन होगा।